अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक और खुलासा - कैप्टन बन लोगों में फैलाता था मौत और काला जादू का डर

अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक और खुलासा - कैप्टन बन लोगों में फैलाता था मौत और काला जादू का डर
  • ईडी जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे
  • नकदी को एफडी में बदलकर करता था खेल,

Mumbai News. खुद को भगवान शिव का अवतार और चमत्कारी शक्ति वाला बाबा बताने वाले अशोककुमार एकनाथ खरात उर्फ ‘कैप्टन’ के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, खरात धार्मिक और आध्यात्मिक चमत्कारों का दावा कर लोगों में मौत, काला जादू और अनिष्ट का भय पैदा करता था। इसी डर और अंधविश्वास का फायदा उठाकर वह करोड़ों रुपये की उगाही करता था। ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी और उगाही से जुटाई गई रकम को छिपाने के लिए आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से मनी लॉन्ड्रिंग करता था। वह बड़ी मात्रा में नकदी को पहले अलग-अलग खातों और पतसंस्थाओं में जमा करवाता, फिर उसे फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में बदल देता था और बाद में रकम को कैश में निकाल लेता था। एजेंसी का मानना है कि यह पूरा खेल पैसों के असली स्रोत को छिपाने के लिए रचा गया था।

ईडी के मुताबिक, अशोक खरात ‘कैप्टन’ नाम से लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका था। वह दावा करता था कि उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं और वह किसी भी संकट को टाल सकता है। आरोपी अवतार पूजा, विशेष धार्मिक अनुष्ठान और आध्यात्मिक उपायों के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। जांच में एक ऐसा मामला भी सामने आया है जिसमें एक पीड़ित से करीब 5.62 करोड़ रुपये खर्च करवाए गए। इस रकम से लग्जरी मर्सिडीज कार खरीदी गई, विदेश यात्राएं कराई गईं, अमेरिका में इलाज कराया गया और फार्महाउस विकसित किए गए। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने कई बेनामी बैंक खाते और फिक्स्ड डिपॉजिट भी खुलवा रखे थे। कई खाते ऐसे लोगों के नाम पर खोले गए थे जिन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी। ईडी का दावा है कि इन खातों पर नियंत्रण आरोपी अपने मोबाइल नंबर और नॉमिनी डिटेल्स के जरिए रखता था।

विदित हो कि ईडी की मुंबई यूनिट ने 19 मई 2026 को आरोपी को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। अप्रैल और मई 2026 में ईडी ने आरोपी और उसके सहयोगियों के कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। इस दौरान 13.92 करोड़ रुपये नकद, 5,500 अमेरिकी डॉलर, करीब 1.12 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 2.25 करोड़ रुपये की बैंक राशि और एक हाई-एंड मर्सिडीज कार जब्त की गई। इसके अलावा कई डिजिटल डिवाइस, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अहम रिकॉर्ड भी बरामद हुए हैं। ईडी का कहना है कि आरोपी के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

Created On :   21 May 2026 9:56 PM IST

Tags

Next Story