Breaking News: आज की बड़ी खबरें 03 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 3 May 2025 9:54 AM IST
शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर लगाया 'सेना के अपमान' का आरोप, बोले 'ये उनकी आदत'
सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगकर कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है। चन्नी के बयान के बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि सेना का लगातार अपमान करना कांग्रेस की आदत बन गई है।
शनिवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी का नाम बदलकर एंटी नेशनल कांग्रेस कर देना चाहिए। कांग्रेस की आज एकमात्र पहचान यह है कि वह सेना का लगातार अपमान कर रही है और पाकिस्तान के समर्थन में बयान दे रही है। पाकिस्तान को अपना भाईजान बुलाना कांग्रेस को पसंद है।
- 3 May 2025 9:44 AM IST
चंडीगढ़ में नशे के विरुद्ध कार्यक्रम, सीएम सैनी संग शामिल हुए हरियाणा और पंजाब के राज्यपाल
हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में शनिवार को नशे के विरोध में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया शामिल हुए। इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के राज्यपाल ने पत्रकारों से बातचीत भी की। दोनों ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका अहम होती है। ऐसी स्थिति में अगर हम चाहते हैं कि हमारे देश का विकास दोहरी गति से हो, तो हमारे लिए यह जरूरी हो जाता है कि हम युवाओं को नशे के जंजाल से दूर रखें।
- 3 May 2025 9:40 AM IST
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री राणे ने दी अहम जानकारी
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि गोवा मंदिर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ की घटना के मद्देनजर, हम सक्रिय रूप से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रभावित सभी लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिले। अब 24/7 हेल्पलाइन उपलब्ध है, कृपया किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति के लिए 104 डायल करें। गोवा मेडिकल कॉलेज और अन्य जिला अस्पतालों में चिकित्सा बुनियादी ढांचा पूरी तरह से सुसज्जित है और स्थिति को संभालने के लिए हाई अलर्ट पर है। मैं घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रख रहा हूं। स्थानांतरण और ऑन-साइट प्रबंधन में सहायता के लिए दस उन्नत 108 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। हम इस कठिन समय के दौरान व्यापक देखभाल और सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
- 3 May 2025 9:28 AM IST
गोवा भगदड़ अपडेट
सीएम ने जानकारी दी कि एसपी नॉर्थ और कलेक्टर घटना की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद मैं मौके पर गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हर साल 50,000 से ज्यादा लोग जात्रा में हिस्सा लेते हैं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम घायलों के इलाज का खर्च उठा रहे हैं। एसपी नॉर्थ और कलेक्टर घटना की जांच कर रहे हैं। हम राज्य में अगले 3 दिनों के लिए सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं।
- 3 May 2025 9:20 AM IST
गोवा भगदड़ पर क्या बोले सीएम?
शिरगांव भगदड़ पर गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि अस्पताल ले जाने से पहले 6 लोगों की मौत हो गई थी। मैं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गया, जहां 2 लोगों के शव रखे गए हैं। घायलों का अच्छा इलाज किया जा रहा है। मैंने जिला अस्पताल का भी दौरा किया, जहां 10 लोग भर्ती हैं। बाकी का गोवा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। पीएम मोदी ने घटना के बारे में मुझसे बात की और स्थिति का जायजा लिया और केंद्र से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
- 3 May 2025 9:14 AM IST
वाराणसी के घाटों पर गंगा सप्तमी पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
उत्तर प्रदेश स्थित वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर शनिवार को गंगा सप्तमी के मौके पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। मान्यता है कि इस दिन गंगा नदी में स्नान करने से जन्मों के पाप धूल जाते हैं और श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है। गंगा सप्तमी वाराणसी में भागीरथ तप के बाद ब्रह्मा के कमंडल से मां गंगा के प्रकट होने के उपलक्ष्य में मनाई जाती है। इस दिन श्रद्धालु पवित्र स्नान करके, सूर्य को अर्घ्य देकर और घाटों पर दुग्धाभिषेक करके उत्सव मनाते हैं। इस दिन विशेष तौर पर गंगा घाटों पर तैयारियां की जाती हैं। सुबह-सुबह श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान करते हैं, इसके बाद बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार की मंगलकामना के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं।
- 3 May 2025 8:58 AM IST
गोवा में धार्मिक यात्रा के दौरान भगदड़, 7 की मौत
गोवा के शिरगाओ गांव में लैराई देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 5 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। सीएम प्रमोद सावंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल लिया। सीएम ने अफसोस जाहिर करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे इस दर्दनाक हादसे को लेकर जानकारी ली।
- 3 May 2025 8:44 AM IST
जर्मनी ने 'एएफडी पार्टी' को बताया 'धुर-चरमपंथी', अमेरिकी विदेश मंत्री बोले 'ये अत्याचार'
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने जर्मनी की कड़ी आलोचना की है, क्योंकि उसकी घरेलू खुफिया एजेंसी ने दक्षिणपंथी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) को एक चरमपंथी इकाई करार देते हुए लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है। रुबियो ने अपील की है कि अपने रुख में बदलाव लाए। शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने इस कदम को "छद्म अत्याचार" (टाइरनी इन डिस्गाइज) के रूप में वर्णित किया और अमेरिका के सहयोगी की आव्रजन नीतियों पर निशाना साधा।
- 3 May 2025 8:20 AM IST
कोलकाता कालीघाट बहुमुखी सेवा समिति ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए श्रद्धांजलि यात्रा निकाली
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए कालीघाट बहुमुखी सेवा समिति (कोलकाता) ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि यात्रा निकाली। यह श्रद्धांजलि यात्रा दक्षिण कोलकाता के राशबिहारी से गरियाहाट तक निकाली गई। इस यात्रा में आम हिंदू लोगों के साथ-साथ भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी भी शामिल हुए। उनकी मुख्य मांग थी कि इस घटना के दोषियों को चुन-चुनकर सजा दी जाए।
- 3 May 2025 8:10 AM IST
रेवंत रेड्डी ने केंद्र से जाति जनगणना के लिए तेलंगाना मॉडल अपनाने का आग्रह किया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का मानना है कि तेलंगाना का जाति सर्वेक्षण मॉडल एक प्रभावी और समावेशी ढांचा प्रदान करता है, जिसे भारत सरकार को देश भर में जाति जनगणना करने के लिए अपनाना चाहिए। दिल्ली में आयोजित सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया कि यह बैठक भारत के इतिहास के ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ पर आयोजित की गई है, जब देश कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।
Created On :   3 May 2025 8:00 AM IST