Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 Jun 2025 6:55 PM IST
राजा रघुवंशी हत्याकांड सोनम और राज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार सोनम और राज को शनिवार को शिलांग कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस की ओर से दोनों आरोपियों की रिमांड की मांग नहीं की गई, जिसके चलते कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
- 21 Jun 2025 6:02 PM IST
राजद नेता तेजस्वी यादव ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं, हमारी मांगें थीं चाहे वृद्धा पेंशन हो या विधवा पेंशन उसे बढ़ाया जाए लेकिन नीतीश कुमार ने 20 साल से इसे नहीं बढ़ाया। हमने तय किया था कि हमारी सरकार बनेगी तो इसे 400 से बढ़ाकर 1500 करेंगे, हमने इसे हर मंच पर रखा। मौजूदा सरकार के पास कोई विजन नहीं है, वे थके हुए लोग हैं, उन्हें बिहार के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है, उनका जाना तय है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारी सरकार आने वाली है, इसलिए वे टेंशन में पेंशन बढ़ा रहे हैं। यह सरकार घबराई हुई है क्योंकि वह जाने वाली है, इसलिए वे हमारी योजनाओं की नकल कर रहे हैं, उनके पास अपना कोई विजन नहीं है। मुख्यमंत्री 'टायर्ड' हैं, एक उपमुख्यमंत्री 'फाउल माउथ' हैं एक उपमुख्यमंत्री 'लाउड माउथ' हैं, वे सिर्फ लालू जी और तेजस्वी को गाली देते हैं। जनता इस सरकार से तंग आ चुकी है।"
- 21 Jun 2025 5:55 PM IST
महाराष्ट्र रेडियो महोत्सव और महाराष्ट्र आशा रेडियो गौरव पुरस्कार समारोह पर गायिका आशा भोसले ने दी प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र रेडियो महोत्सव और महाराष्ट्र आशा रेडियो गौरव पुरस्कार समारोह पर गायिका आशा भोसले ने कहा, "आज का दिन संगीत का दिन है और आज मेरे नाम का पुरस्कार दिया गया है। रेडियो के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले लोगों को यह पुरस्कार दिया जाएगा। मैं मुख्यमंत्री का आभार मानती हूं कि वह यहां आए और हमारे साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए।"
- 21 Jun 2025 5:45 PM IST
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएम की हवाई यात्रा पर दी प्रतिक्रिया
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "मुख्यमंत्री ने हवाई यात्रा इसलिए की थी ताकि उनसे कहीं कोई किसान ना टकरा जाए। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण करने के बाद कहा कि मक्का (सरकार द्वारा) खरीदी जाएगी क्योंकि जमीन पर उन्हें केवल मक्का ही दिखाई दी और यहां हमारे किसान मक्का सुखा रहे हैं। क्या कहीं पर मक्का की खरीद की गई? दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि सरकार मक्का की खरीद कर रही है। कहीं पर भी सरकार मक्का की विशेष खरीद नहीं कर पा रही है।"
- 21 Jun 2025 5:38 PM IST
महाराष्ट्र रेडियो महोत्सव और महाराष्ट्र आशा रेडियो गौरव पुरस्कार समारोह में हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस शामिल
महाराष्ट्र रेडियो महोत्सव और महाराष्ट्र आशा रेडियो गौरव पुरस्कार समारोह में शामिल होने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "ऑडियो-विजुअल माध्यम से अपनी बात कहना आसान है, क्योंकि यह दिखाई देता है। रेडियो की सबसे बड़ी खासियत है कि व्यक्ति दिखता नहीं है लेकिन इसमें सब कुछ व्यक्त हो जाता है। नई तकनीक हमें 3D, 4D और 17D का अनुभव करा रही है, लेकिन जब केवल 1D था, केवल संगीत था, उस समय रेडियो ने हमारी अभिव्यक्ति को आवाज़ दी और हमारी सांस्कृतिक विरासत को आकार दिया।"
- 21 Jun 2025 5:25 PM IST
राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन की प्रतिक्रिया
राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने कहा, "मैं तेजस्वी यादव को कहूंगा कि आपकी USP है क्या? आपकी कौन सी अच्छी बातें हैं जिसकी नकल हम कर सकते हैं?... आप(तेजस्वी यादव) अपने पिता के कार्यकाल की कोई एक योजना बता दीजिए जिसे आप गरीब जनता के कल्याण के लिए लाए हों। चारा घोटाला से लेकर चरवाहा विद्यालय तक आपने क्या किया है?" उन्होंने आगे कहा, "उन्होने(तेजस्वी यादव) जन्म से ही भ्रष्टाचार, लूटपाट देखी हैं। जिस व्यक्ति ने जन्म से ही इस तरह की चीजें देखी हों वह तो इसी तरह की मानसिकता वाला व्यक्ति बनेगा। फिर भी मैं तेजस्वी यादव से कहना चाहूंगा कि आप नेता प्रतिपक्ष हैं, भाषा की मर्यादा रखिए। जिन्होंने नौकरी के लिए जमीन घोटाला किया वह इस तरह की बातें कर रहे हैं?"
- 21 Jun 2025 5:12 PM IST
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मानसून की तैयारियों को लेकर दी जानकारी
हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "मैंने मानसून को लेकर तैयारियों की समीक्षा की है और PWD विभाग की भी विस्तृत समीक्षा करूंगा ताकि यह देखा जा सके कि नदी के किनारे स्थित हमारे क्षेत्र, विशेषकर बड़े नालों के किनारे स्थित क्षेत्र, किस प्रकार प्रभावित होते हैं। पिछले 2 वर्षों से हमें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उसी को ध्यान में रखते हुए, इस बार हमने पहले से ही बेली ब्रिज बना रखे हैं ताकि अगर कोई ऐसी दुर्घटना हो जाए तो हम उसके लिए तैयार रहें। हमने पहले से ही मशीनरी भी भेज दी है। हमारा विभाग सभी संबंधित क्षेत्रों के डिप्टी कमिश्नरों के संपर्क में रहेगा और खास तौर पर पहाड़ी इलाकों में जहां ज़्यादा नुकसान होता है, हम उन इलाकों पर ज़्यादा ध्यान देंगे ताकि हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।"
- 21 Jun 2025 4:59 PM IST
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव की वराहमिहिर खगोलीय वेधशाला में खगोल विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा के उद्घाटन पर प्रतिक्रिया
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डोंगला स्थित वराहमिहिर खगोलीय वेधशाला में 'खगोल विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा' पर राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन पर कहा, "तारामंडल के क्षेत्र में एक नई सौगात है। खगोलीय ज्ञान की दृष्टि से बच्चों और अन्य लोगों के लिए तारामंडल की इस कार्यशाला की अत्यंत आवश्यकता थी। मेरी ओर से पूरे क्षेत्रवासियों को बधाई।"
- 21 Jun 2025 4:40 PM IST
BJD नेताओं ने BJD अध्यक्ष नवीन पटनायक के शीघ्र स्वस्थ होने की करी कामना
BJD नेता अमर पटनायक, BJD सांसद सुलाता देव, ओडिया समुदाय के सदस्य और BJD नेताओं ने हौज खास स्थित जगन्नाथ मंदिर में BJD अध्यक्ष नवीन पटनायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नवीन पटनायक कल मुंबई के लिए रवाना हुए, जहां 22 जून को शहर के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उनका सर्वाइकल अर्थराइटिस का ऑपरेशन होगा।
- 21 Jun 2025 4:27 PM IST
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को दी बधाइयां
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "मैं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को बधाई देता हूं। दुनिया को योग के रास्ते पर ले जाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाने के लिए मैं प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। आज दुनिया भर में लाखों जगहों पर कार्यक्रम हो रहे हैं। दुनिया इससे जुड़ रही है और कहीं न कहीं भारत ने आध्यात्म और योग से जोड़ने की नई पहल शुरू की है।"
Created On :   21 Jun 2025 8:00 AM IST