Breaking News: आज की बड़ी खबरें 23 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 23 Aug 2025 4:42 PM IST
130वां संविधान संशोधन विधेयक पर अनुप्रिया पटेल का बयान
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जो 130वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया है, उसके बारे में मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि हमारी सरकार राजनीति में नैतिकता की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में इस विधेयक को लेकर आई है। फिलहाल इस विधेयक को प्रवर समिति के पास भेजा गया है जिसमें सभी राजनीतिक दलों के नेता हैं, वे प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा करेंगे। सरकार की पूरी मंशा सदन को चलाने की थी लेकिन विपक्ष ने सदन को चलने नहीं दिया। यह लोकतंत्र के लिए हानिकारक है लेकिन हमारा संकल्प है कि हम जनहित में कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और 130वां संविधान संशोधन पारित कराएंगे।
 - 23 Aug 2025 4:33 PM IST
'हो सकता है पीएम को न पता हो', कोलकाता मेट्रो को लेकर बोलीं चंद्रिमा भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कोलकाता मेट्रो को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर कहा कि यह कोई दावा नहीं है, यह बात सबको पता है। हो सकता है कि प्रधानमंत्री को पता न हो। यह हमारी नेता ममता बनर्जी का महज दावा नहीं है बल्कि एक तथ्य है और तथ्य हमेशा सच्चा होता है।
 - 23 Aug 2025 4:18 PM IST
'FIR से कौन डरता है?', महाराष्ट्र में दर्ज हुआ केस, अब तेजस्वी यादव की आई प्रतिक्रिया, RJD नेता के खिलाफ कौन सी धाराएं लगीं? जानें
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादवा ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर रिएक्ट किया है। उन्होंने शनिवार (23 अगस्त) को मीडिया से बात करते हुए एकदम साफ शब्दों में कहा कि वह FIR (First Information Report) से नहीं डरते हैं। लोगों को सच से कतराते हैं। दरअसल, यह पूरा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'एक्स' पोस्ट करने से जुड़ा है। आरजेडी नेता ने कार्टून शेयर किया था और पीएम की गया रैली को' जुमलों की दुकान' करार दिया था।
 - 23 Aug 2025 4:10 PM IST
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR दर्ज, पीएम मोदी के खिलाफ पोस्ट करना पड़ा RJD नेता को महंगा
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक नया बवाल खड़ा हो गया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक्स पोस्ट करना काफी महंगा पड़ गया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एफआईआर दर्ज हुई है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय भारतीय जनता पार्टी विधायक मिलिंद नरोटे ने शिकायत दर्ज करवाई है। दरअसल, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के खिलाफ एक पोस्ट कर जोरदार निशाना साधा था। उन्होंने कार्टून की फोटो शेयर कर पीएम की गया रैली को 'जुमलों की दुकान' करार दिया था।
 - 23 Aug 2025 4:04 PM IST
बिहार की राजधानी पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ऑटो में जोरदार टक्कर, 8 की मौत, 4 घायल
बिहार की राजधानी पटना में शनिवार (23 अगस्त) सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां ट्रक और ऑटो के बीच जोरदार भिडंत होने से 8 लोगों की मौत हो गई जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 4 लोग घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सभी जख्मियों को पहले दनियावां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएएचसी) में एड्मिट कराया गया था। लेकिन हालत नाजुक होने के चलते सभी को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया।
 - 23 Aug 2025 2:18 PM IST
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर के व्यापार और उद्योग को लेकर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "आज देशभर से व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि यहां आए हैं और एक स्वर में एक राष्ट्र एक चुनाव का नारा बुलंद कर रहे हैं। समाज का हर वर्ग अब आगे आ रहा है। सबने संकल्प लिया है कि चुनाव एक साथ होने चाहिए, ये बार-बार के झगड़े भी खत्म होंगे, देश की प्रगति बाधित नहीं होगी।" RJD नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR पर उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री देश की जनता के दिलों में बसते हैं, देश और दुनिया उन्हें सम्मान की नजर से देखती है। ऐसे में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग बेहद निंदनीय है, देश देख रहा है।"
 - 23 Aug 2025 2:01 PM IST
गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने पीएम मंत्री के गुजरात दौरे को लेकर दी प्रतिक्रिया
गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, "जब भी प्रधानमंत्री गुजरात आते हैं, पूरा गुजरात जोश से भर जाता है। वे 25-26 तारीख को गुजरात आ रहे हैं। 2001 से लेकर आज तक गुजरात को उनका नेतृत्व मिला है और भारत ने भी उनके नेतृत्व को पहचाना है। आज वे प्रधानमंत्री हैं, कल वह हमारे मुख्यमंत्री थे, गुजरात को उनका पूरा लाभ मिला है। पूरा गुजरात उनके आगमन को लेकर उत्साहित है। उनका 3 किलोमीटर का रोड शो भी होगा।"
 - 23 Aug 2025 1:31 PM IST
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्ण जयंती वित्त भवन संस्थान के उद्घाटन के बाद लोगों को किया संबोधित
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "स्वर्ण जयंती वित्त भवन संस्थान जिसका आज उद्घाटन हुआ है, हरियाणा के लोगों के लिए बहुत लाभकारी होगा क्योंकि इसमें सभी सुविधाएं हैं, इससे हमारी वित्तीय प्रबंधन टीम को मदद मिलेगी, प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है, उसमें विकसित हरियाणा, विकसित भारत के साथ मजबूती से खड़ा होगा। इसके अलावा, हम स्वच्छता के आधार पर हरियाणा के शहरों की रैंकिंग करेंगे, इस पर आज हमने एक बैठक की है।"
 - 23 Aug 2025 1:20 PM IST
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने RJD नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR पर दी प्रतिक्रिया
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने RJD नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR पर कहा, "तेजस्वी यादव FIR की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। वे विपक्ष के नेता हैं, सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं, इसलिए भाजपा के लोग उन्हें FIR से डरा रहे हैं। तेजस्वी यादव की आवाज, जनता की आवाज को सरकार FIR से नहीं दबा सकती। जनसैलाब तेजस्वी यादव के साथ है।"
 - 23 Aug 2025 1:12 PM IST
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के लिए उद्यमियों और व्यापारियों के शिखर सम्मेलन को किया संबोधित
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के लिए उद्यमियों और व्यापारियों के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "चुनाव के समय कलेक्टर सबकी ड्यूटी लगाता है, सब चुनाव आयोग के अधीन हो जाते हैं, शिक्षक, इंस्पेक्टर, सब मतदाता सूची तैयार करने में लग जाते हैं। जब 5 साल में एक बार चुनाव हों, तो एक बार मतदाता सूची तैयार होगी, इससे मतदाता सूची के नाम पर झगड़े खत्म हो जाएंगे। हर 4 महीने में चुनाव होने के कारण, एक अनुमान लगाया गया है कि 5 साल में इन चुनावों में 4.5 लाख करोड़ से अधिक खर्च हुए हैं और यह लगातार बढ़ रहा है। यह करदाताओं का पैसा है।"
 
Created On :   23 Aug 2025 8:00 AM IST












