फरीदाबाद में लड़की पर हमला: लाइब्रेरी से लौट रही थी, इंतजार में था हमलावर, देखते ही चलाई गोली, CCTV में घटना कैद, फरार आरोपी की तलाश जारी

लाइब्रेरी से लौट रही थी, इंतजार में था हमलावर, देखते ही चलाई गोली, CCTV में घटना कैद, फरार आरोपी की तलाश जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा के फरीदाबाद से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। लाइब्रेरी से लौट रही 17 साल की लड़की पर दिनदहाड़े एक शख्स ने गोली चलाई और फरार हो गया। एक गोली लड़की के कंधे पर लगी और दूसरी पेट को छूती हुई निकली। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि उसकी हालत अब स्थिर है। जानकारी के मुताबिक, लड़की पर श्याम कॉलोनी में गोली चली है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें व्यक्ति को लड़की पर गोली चलाते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है।

लड़की पर गोली चला कर आरोपी फरार

सीसीटीव में साफ-साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक शख्स अपनी बाइक के पास खड़ा हो कर लड़की का इंतजार करता है। फिर जैसे ही लड़की आती है वह उसके पास जाता है और गोली चलाना शुरू कर देता है। हमला करने के बाद वह बाइक से फरार हो जाता है। दूसरी तरफ लड़की को चीखते हुए देखा जा सकता है। इस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

लड़की की कोचिंग में पढ़ता था हमलावर

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, लड़की ने हमलावर की पहचान कर ली है। पीड़िता का कहना है कि युवक उसी की कोचिंग में पढ़ता था। जब वह दोस्त के साथ लाइब्रेरी से लौट रही थी तभी उस पर हमला हुआ। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आजाद घूम रहा हमलावर

लड़की पर हमला करने वाला शख्स इस वक्त पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि, पुलिस उसे खोजने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। हमलावर को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए चार टीम गठित की गई हैं।

शख्स ने लड़की को क्यों मारी गोली?

इस वक्त बहुत लोगों के मन में एक सवाल ने घर कर लिया है कि आखिर युवक ने लड़की पर हमला क्यों किया? फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस का क्या कहना?

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें कल (3 नवंबर) शाम लगभग 5.30 बजे घटना की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे और लड़की को अस्पताल ले गए। अब उसकी हालत स्थिर है। उसका बयान दर्ज कर लिया गया है और एक प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। लाइब्रेरी से घर लौटते समय उसे गोली मारी गई। इस घटना में उसका एक परिचित लड़का शामिल है।

Created On :   4 Nov 2025 4:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story