Amravati News: धारणी में एसटी बस बनी मुसाफिरों के लिए संकट, यात्रियों को लगाना पड़ा धक्का

धारणी में एसटी बस बनी मुसाफिरों के लिए संकट, यात्रियों को लगाना पड़ा धक्का
  • मेलघाट के खतरनाक घाटों पर दौड़ रही जर्जर बसें
  • कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

Amravati News मेलघाट के दुर्गम और पहाड़ी मार्गों पर यातायात का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इन खतरनाक सड़कों पर राज्य परिवहन मंडल की जर्जर और पुरानी बसों का संचालन अब यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा है। मंगलवार सुबह दर्यापुर से भोकरबाड़ी होते हुए धारणी पहुंची बस अचानक बस स्थानक पर बंद हो गई। स्थिति ऐसी थी कि यात्रियों को खुद बस को धक्का मारकर आगे बढ़ाना पड़ा।

बस के धारणी बस स्थानक से मधवा नदी पुल तक धकेलने के बावजूद वह स्टार्ट नहीं हो सकी। अंततः मैकेनिकल टीम की मदद से बस को किसी तरह शुरू किया गया, जिसके बाद ही आगे की यात्रा संभव हो पाई। मेलघाट टाइगर प्रोजेक्ट क्षेत्र से गुजरने वाला अमरावती–बुरहानपुर राष्ट्रीय महामार्ग पहले से ही बेहद खतरनाक माना जाता है। बीते दो वर्षों में इस मार्ग पर कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई यात्रियों ने इस मार्ग पर अपनी जान गंवाई है।

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग और टाइगर प्रोजेक्ट प्रबंधन के बीच चल रही तकनीकी अड़चनों के कारण इन सड़कों और पुलों की मरम्मत लंबे समय से अटकी हुई है। वहीं, परिवहन विभाग ने मेलघाट जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुरानी और तकनीकी रूप से कमजोर बसों का संचालन शुरू कर दिया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन से दखल लेकर जर्जर बसों को तुरंत हटाने और सुरक्षित बसों की व्यवस्था करने की मांग की है। अन्यथा आने वाले समय में यहां कोई बड़ी दुर्घटना टाली नहीं जा सकेगी।

Created On :   14 May 2025 3:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story