हादसा: दोपहिया और ट्रैक्टर को टक्कर मारकर पान की टपरी में घुसा टिप्पर, चालक गंभीर

दोपहिया और ट्रैक्टर को टक्कर मारकर पान की टपरी में घुसा टिप्पर, चालक गंभीर
  • टिप्पर ने नीचे आने से तीन दोपहिया का नुकसान
  • दोपहिया चालक गंभीर
  • प्रशासन के खिलाफ नागरिकों में रोष

डिजिटल डेस्क, पवनी (भंडारा). रांग साइड आकर दोपहिया को टक्कर मारकर भाग रहे टिप्पर के चालक ने एक किमी दूर जाकर ट्रैक्टर को टक्कर मारी और अनियंत्रित वाहन पान टपरी में घुस गया। घटना शहर के जवाहरगेट परिसर में मंगलवार की सुबह 8 बजे हुई। इस दुर्घटना में दोपहिया चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पानटपरी में बैठे दो लोग मामूली रूप से घायल हुए। दुर्घटना के बाद नागरिकों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया। गंभीर घायल दोपहिया चालक का नाम नागपुर जिले के भिवापुर ग्राम निवासी लोमेश्वर श्रावण ठाकरे (40) बताया जा रहा है। पवनी निवासी पानटपरी चालक मधुकर कुर्झेकर (50) तथा बलीराम बुराडे (50) मामूली रूप से घायल हुए। निलज से पवनी की दिशा में रांग साइड आ रहे टिप्पर क्रमांक एमएच 27 एक्स 7610 के चालक सिरसाला ग्राम निवासी पवन दिगंबर नेवारे (25) ने सामने से आ रहे दोपहिया क्रमांक एमएच 40 बीएच 4262 के चालक लोमेश्वर ठाकरे को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लोमेश्वर की दोपहिया उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरी।

घटना के बाद टिप्पर चालक मौके से भाग निकला और एक किमी आगे जवाहर गेट के पास बेलघाटा वार्ड से मुख्य मार्ग पर आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक एमएच 36 एल 1306 को टक्कर मार दी। अनियंत्रित टिप्पर व ट्रैक्टर मार्ग किनारे मौजूद पानटपरी में जा घुसे। इस पूरे घटनाक्रमम में लोमेश्वर ठाकरे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों पर गंभीर चोट लगी। उसे भंडारा के जिला अस्पताल में रेफर किया गया। जबकि जवाहरगेट के पास पानटपरी के सामने रखी तीन दोपहिया टिप्पर के नीचे आ गई। इसमें दोपहिया पल्सर क्रमांक एमएच 36 एएच 3092, बजाज डिक्सकवर क्रमांक एमएच 34 एएल 1068, होंडा शाइन क्रमांक एमएच 36 एके 5222 का समावेश है।

पानटपरी चालक मधुकर कुर्झेकर (50) तथा बलीराम बुराडे (50) मामूली रूप से घायल हुए। इस प्रकरण की तुमसर पुलिस थाने में शिकायत की गई है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक नरेंद्र निस्वादे के मार्गदर्शन में पुलिस हवालदार दुर्योधन वकेकार कर रहे है। शहर से बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और टिप्पर से तेज गति में रेत की अवैध ढुलाई की जाती है। पवनी के जवाहरगेट परिसर में नागरिकों भीड़ अधिक रहती है। इस लिए प्रशासन ने ध्यान देकर दोनों बाजू में ब्रेकर बनाने की आवश्यकता है। स्थानीय नागरिकों ने जवाहरगेट परिसर में ब्रेकर बनाने की मांग की है।

Created On :   13 March 2024 11:26 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story