- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- चंद्रपुर में लगातार तीसरे दिन एक और...
Chandrapur News: चंद्रपुर में लगातार तीसरे दिन एक और महिला हुई बाघ का शिकार

- महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा तेंदूपत्ता संकलन
- परिजनों के शोर मचाने पर भाग निकला बाघ
Chandrapur News तेंदूपत्ता संकलन के लिए बफर जोन क्षेत्र के जंगल में गई महिला पर घात लगाए बैठे बाघ ने हमला कर दिया जिससे महिला की मृत्यु हो गयी है। बाघ के हमले में मारी गई महिला का नाम भूमेश्वरी दीपक भेंडारे है। पिछले तीन दिनों में तेंदूपत्ता तोड़ने गई सास, बहू समेत कुल 5 महिलाओं की मृत्यु से तेंदूपत्ता संकलन महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इससे महिलाओं में दहशत फैल गयी है।
मूल तहसील के भादुर्नी ग्राम निवासी भाऊजी गावतुरे की बेटी भूमेश्वरी का विवाह कुछ दिनों पूर्व ही केवाड़ा (पेठ) के दीपक भेंडारे से हुआ था। कुछ दिन केवाड़ा (पेठ) में रहने के बाद भूमेश्वरी अपने पिता के साथ भादुर्णी में रहने आ गई। परिवार के भरण-पोषण के लिए पति-पत्नी जो भी काम मिले, वह करके अपना जीवनयापन करते थे।
सोमवार सुबह तकरीबन 7 बजे तेंदूपत्ता संकलन के लिए बफर क्षेत्र के भादुर्णी जंगल में पति, माता और पिता के साथ गई थी, तभी बाघ ने भूमेश्वरी पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी। मृत महिला के साथ रहे पति, माता और पिता के शोर करने पर बाघ वहां से भाग गया। घटना की सूचना ग्रामीणों और वन विभाग को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मूल उपजिला अस्पताल भेज दिया गया।
तीन दिन में पांच महिलाओं की मृत्यु से दहशत : इस वर्ष का तेंदूपत्ता संकलन सीजन महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। 10 मई की सुबह 9 बजे नागभीड़ तहसील के मेढा माल गांव निवासी कांताजी बुधाजी चौधरी (65), शुभांगी मनोज चौधरी (30) और रेखा शालिक शेंडे (50) पर बाघ ने हमला कर दिया जिसमें तीनों की मृत्यु हो गयी। दोपहर तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने वनविभाग को सूचना दी। सूचना के आधार पर पहुंची टीम को तीनों के शव लगभग 10 से 15 फीट की दूरी पर मिले। उनके आस पास बाघों के पगमार्क मिले थे। 11 मई को मूल तहसील के नागाला गांव निवासी विमल बुद्धजी शेंडे (65) पर बाघ ने हमला कर दिया जिसमें उसकी मृत्यु हो गयी है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन बाघ के हमले में मूल तहसील भादुर्णी निवासी भूमेश्वरी दीपक भेंडारे बाघ का शिकार बनी है। इस घटना के साथ ही जनवरी से अब तक चंद्रपुर जिले में बाघ के हमले में मरने वालों की संख्या 18 हो गयी है।
Created On :   13 May 2025 3:45 PM IST