- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- एकाएक बढ़ा सर्पा नदी का जलस्तर, बैल...
Chhindwara News: एकाएक बढ़ा सर्पा नदी का जलस्तर, बैल बहते-बहते बचा, खेत से घर लौट रहे किसान व मजदूर किनारे पर अटके

- एकाएक बढ़ा सर्पा नदी का जलस्तर, बैल बहते-बहते बचा
- खेत से घर लौट रहे किसान व मजदूर किनारे पर अटके
- पुल निर्माण नही होने से जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण
Chhindwara News: आदिवासी अंचल के ग्राम रायबासा के समीप से बहने वाली सर्पा नदी का जलस्तर बुधवार की शाम को अचानक बढ़ गया। खेत से वापस लौट रहे किसानों और मजदूरों के सामने मुश्किल हालात बन गए। नदी पार करते समय किसान श्रीराम चौधरी का बैल तेज धारा में बहने लगा। ग्रामीणों की मदद से बैल को किसी तरह बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सर्पा नदी में जलस्तर बढ़ने से बनी बाढ़ की स्थिति के चलते कई किसान और मजदूर खेत से अपने घर नही लौट सके। वे नदी का जलस्तर कम होने का इंतजार करते रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि अंचल के नांदनवाड़ी, चांगोबा आदि क्षेत्र में अत्यधिक बारिश होने के चलते सर्पा नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिससे खेत से घर लौट रहे कई किसान और मजदूर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण दूसरी ओर फंस गए। ग्रामीणों ने कहा कि हर साल बरसात के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक समाधान नहीं कर पाया।
किसान हेमराज चौधरी, श्रीराम चौधरी, रवि गायकवाड़, सुनिल चौधरी, परसराम गायकवाड़, संजय खापरे, ललिता चौधरी ने बताया कि नदी पार बूचनखापा क्षेत्र में खेत होने से हर दिन नदी पार करके आना-जाना पड़ता है। नदी में बाढ़ की स्थिति में आना-जाना कठिन हो जाता है। बुधवार को बाढ़ के कारण नदी के दूसरी ओर रूककर जलस्तर कम होने का इंतजार करना पड़ा।
ग्राम रायबासा के युवा किसान रोशन पानसे ने बताया कि सर्पा नदी पर रायबासा-बूचनखापा मार्ग पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से जारी है। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हुआ। लोग मजबूरन बरसात में अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हैं। हर साल बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जब तक स्थायी पुल नहीं बनेगा, तब तक ग्रामीणों की परेशानी और हादसों का खतरा खत्म नहीं होगा।
Created On :   21 Aug 2025 12:23 PM IST