- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- बारिश में 12 दिन से खरीदी केंद्र के...
Gadchiroli News: बारिश में 12 दिन से खरीदी केंद्र के सामने कतार लगाए खड़े हैं धान लदे ट्रैक्टर

- भीगने लगा है धान, किसानों का भारी नुकसान
- 30 जून तक थी खरीदी की तिथि लेकिन 26 को ही बंद कर दिए
- शीघ्र खरीदी न करने पर आंदोलन की चेतावनी
Gadchiroli News सरकार द्वारा रबी सत्र के दौरान शुरू किए गए धान खरीदी केंद्र में 30 जून तक खरीदी प्रक्रिया चलाने के आदेश जारी किए थे लेकिन मार्केटिंग फेडरेशन द्वारा तहसील के पलसगांव में शुरू किया गया धान खरीदी केंद्र किसानों को बिना कोई पूर्व सूचना देते हुए 26 जून को ही बंद कर दिया गया। इस बीच धान बिक्री के लिए अपना पंजीयन करवाने वाले कुल 36 किसानों के धान आज भी केंद्र के समक्ष ट्रैक्टर में लदे हुए हैं। वहीं बारिश के दौर में यह धान भी अब भीगने लगा है जिसके कारण संतप्त किसानों ने गुरुवार , 3 जुलाई को इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा से करते हुए नुकसान हुए धान की राशि देने और समूचा धान खरीदी करने की मांग की है।
ऐसा न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी संबंधित 36 किसानों ने दी है। किसानों ने अपने ज्ञापन में बताया कि, हर वर्ष रबी सत्र के दौरान एकाधिकार धान खरीदी योजना के तहत धान खरीदी केंद्र आरंभ किया जाता है। मार्केटिंग फेडरेशन द्वारा तहसील के पलसगांव में भी खरीदी केंद्र आरंभ किया गया। अपना धान बेचने के लिए क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण की है। खरीदी की निर्धारित कालावधि 30 जून तक होने के बाद भी केंद्र संचालकों ने यह प्रक्रिया 26 जून को ही बंद कर दी जिसके चलते अब भी क्षेत्र के 36 किसानों ने अपना धान बेच नहीं पाया है। पिछले 11 दिनों से उनका लाखों रुपए का धान ट्रैक्टर में लदा हुआ है।
ट्रैक्टर मालिक को प्रति दिन ट्रैक्टर का किराया भी अब किसानों को चुकाना पड़ रहा है। वहीं बारिश के चलते यह धान भी अब भीगने लगा है। इस नुकसान के मार्केटिंग फेडरेशन और धान खरीदी के संचालक जिम्मेदार होकर नुकसान का मुआवजा देने की मांग किसानों ने की है। साथ ही खरीदी केंद्र के समक्ष ट्रैक्टर में लदे धान की खरीदी करने की मांग भी किसानों ने की है। ऐसा न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष दिलीप घोडाम, खेमराज प्रधान, ऋषि प्रधान, सोमेश्वर धोटे, चंद्रभान निंबेकार, शेषराव ढोरे, नेताजी ढोरे, कमलेश मिसार, प्रकाश दाने, उद्धव कुथे, भूपेश चौधरी, तुषार दवै समेत अन्य किसानों ने दी है।
Created On :   4 July 2025 4:23 PM IST