Gadchiroli News: गौमांस की बिक्री करते तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गौमांस की बिक्री करते तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना
  • पुलिस टीम ने जाल बिछाकर छापामार कार्रवाई की

Gadchiroli News महाराष्ट्र राज्य में गौवंश हत्याबंदी कानून लागू होने के बाद भी इन दिनों विभिन्न स्थानों पर गौवंश की हत्या कर धड़ल्ले से मांस की बिक्री की जा रही है। भामरागढ़ शहर में भी गौवंश के मांस की बिक्री शुरू होने की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 19 किलाे गौवंश का मांस भी जब्त किया। इस कार्रवाई से गौवंश की बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में और आरोपियों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में तहसील के फोदेवाड़ा निवासी सत्तु दामा पोदाड़ी (28), लाहेरी निवासी दानू पखरी बोगामी (31) और भामरागढ़ निवासी आमीन भोबल शेख (39) का समावेश है। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सीमा के तहत आने वाले पर्लकोटा नदी के जंगल परिसर में अवैध रूप से गौवंश का कत्ल कर मांस की बिक्री शुरू होने की जानकारी भामरागढ़ पुलिस को मिली। जानकारी के मिलते ही बुधवार, 23 जुलाई की सुबह पुलिस टीम ने जाल बिछाकर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गौमांस की बिक्री करते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के पास से कुल 19 किलो गौमांस भी जब्त किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र वन्यजीव सुरक्षा अधिनियम 1976 की धारा 9 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में आरोपियों की संख्या बढ़ने की संभावना पुलिस ने व्यक्त की है। यह कार्रवाई भामरागढ़ के पुलिस निरीक्षक दीपक डोंब के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक सूरज इंगले, पुलिस सिपाही अमोल रासेकर, अविनाश गव्हारे, अजिंक्य गायकवाड, करण जाधव, हर्षल भोयर आदि ने की।

Created On :   24 July 2025 6:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story