- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- पति की मौत और संगठन से मोहभंग के...
Gadchiroli News: पति की मौत और संगठन से मोहभंग के बाद महिला नक्सली ने किया सरेंडर

- 8 लाख रुपए का इनाम था
- संगठन में अंदरूनी परेशानियों के चलते सरेंडर किया
Gadchiroli News गड़चिरोली जिले के धानोरा तहसील अंतर्गत ग्राम गट्टा निवासी महिला नक्सली जानसी उर्फ वछेला मट्टामी ने सोमवार, 15 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। सरकार द्वारा उस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में जानसी का पति और कुख्यात नक्सली सत्यम गावडे मारा गया था। पति की मौत से मानसिक रूप से व्यथित जानसी ने संगठन में लगातार बढ़ रही अंदरूनी परेशानियों के चलते सरेंडर का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक, जानसी ने वर्ष 2005 में जनमिलिशिया दलम से नक्सली गतिविधियों की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में वह नक्सलियों को राशन और दवाइयां पहुंचाने का कार्य करती थी। बाद में जनजागृति अभियानों में उसकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उसे चातगांव नक्सल दलम में शामिल किया गया, जहां जुलाई 2007 तक वह सक्रिय रही।
इसके पश्चात उसे डीवीसीएम नर्मदा की सुरक्षा में तैनात किया गया और बाद में छत्तीसगढ़ भेज दिया गया, जहां वह विभिन्न नक्सली दलों में कार्यरत रही। वर्तमान में जानसी छत्तीसगढ़ के नगरी एरिया कमेटी की सचिव के रूप में कार्य कर रही थी। जानसी के सरेंडर से सुरक्षा एजेंसियां नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता मान रही हैं। इससे गड़चिरोली और आसपास के क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
Created On :   16 Sept 2025 6:34 PM IST