- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- श्वान के हमले में घायल हिरण काे...
Gadchiroli News: श्वान के हमले में घायल हिरण काे मारकर पका रहे थे मांस, पांच गिरफ्तार

- सभी आरोपियों की स्वास्थ्य जांच
- आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है
Gadchiroli News आलापल्ली वन विभाग के अहेरी वन परिक्षेत्र कार्यालय की टीम ने लावारिस श्वानों के हमले में घायल एक हिरण काे मारकर उसका मांस पकाकर खाने की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के घर से हिरण का पका हुआ मांस जब्त किया गया। यह कार्रवाई गुरुवार, 10 जुलाई को की गई। गिरफ्तार आरोपियों में तहसील के नागेपल्ली गांव निवासी संजय गोविंदा कोटरंगे (25), रेखा दिवाकर वनकर (55), आलापल्ली निवासी अनिल राजन्ना बोलेम (40), भानय्या पिंचय्या जंगीडवार (62) और अमोल गणपत ठाकरे (35) का समावेश है। सभी आरोपियों की स्वास्थ्य जांच कराने के बाद देर शाम उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम लावारिस श्वानों के हमले में एक हिरण गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलते ही कुछ लोगों ने उसका शिकार किया तथा उसे काटकर उसका मांस विभिन्न लोगों तक पहुंचाया। इसकी गुप्त सूचना आलापल्ली वनविभाग की उपवनसंरक्षक दीपाली तलमले को मिली थी।
सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल अहेरी वनपरिक्षेत्र कार्यालय की टीम को जांच के लिए रवाना किया। जांच के दौरान बुधवार की रात नागेपल्ली निवासी 2 व्यक्ति और आलापल्ली निवासी 3 व्यक्तियों के घर हिरण का मांस पकाने की जानकारी मिली। जानकारी के आधार पर वनविभाग की टीम ने गुरुवार की सुबह में छापामार कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के घर से हिरण का पका हुआ मांस जब्त किया गया है। गुरुवार की देर शाम सभी आरोपियों की स्वास्थ्य जांच कराने के बाद उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले में वनविभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन कानून के तहत अपराध दर्ज किया है। वनविभाग के सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है।
सोशल मीडिया पर उड़ी थी वनविभाग के कर्मियों के शामिल होने की अफवाह : गुरुवार को दिनभर सोशल मीडिया में हिरण के शिकार मामले में वनविभाग और एफडीसीएम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल होने की चर्चाएं थी। यह पूरी तरह गलत होकर इस मामले की जांच में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में वनविभाग व एफडीसीए9म से संबंधित कोई आरोपी नहीं है। शिशुपाल पवार, उपविभागीय वनाधिकारी, वनविभाग आलापल्ली
Created On :   11 July 2025 3:36 PM IST