आतंक: पुलिस मुखबिरी के संदेह में नक्सलियों ने रेता आदिवासी युवक का गला , दहशत

पुलिस मुखबिरी के संदेह में नक्सलियों ने रेता आदिवासी युवक का गला , दहशत
  • लोस चुनाव में दहशत निर्माण करने सक्रिय हुए नक्सली
  • पुलिस मुठभेड़ के बाद बौखलाए
  • घटनास्थल पर पर्चे फेंक

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में दहशत निर्माण करने के इरादे अब नक्सलियों द्वारा विध्वसंक घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया है। पिछले पंद्रह दिनों में दो बार विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों के साथ जोरदार मुठभेड़ के बाद अब नक्सलियों ने एक आदिवासी युवक की पुलिस मुखबिरी के संदेह में गला रेतकर निर्मम हत्या करने की घटना शुक्रवार, 29 मार्च की सुबह में अहेरी तहसील के भामरागढ़-आलापल्ली महामार्ग पर स्थित ताड़गांव के पास उजागर हुई।

मृतक का नाम ग्राम दामरंचा निवासी अशोक तलांडी बताया गया है। नक्सलियों ने घटना को अंजाम देने के बाद घटनास्थल पर कुछ पर्चे फेंक रखे हैं। जिसमें नक्सलियों ने अशोक तलांडी पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस विभाग ने नक्सलियों के इन आरोपों को पूरी तरह गलत करार दिया है। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात दर्जनों की संख्या पहुंचे शस्त्रधारी नक्सलियों ने ग्राम दामरंचा में प्रवेश किया। अशोक के घर पहुंचकर उसे अपने साथ ले गए। जहां देर रात उसका गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या करने के बाद अशोक का शव भामरागढ़-आलापल्ली महामार्ग के ताड़गांव के पास फेंक दिया। इस समय नक्सलियों ने शव के पास नक्सली पर्चा भी छोड़ा। जिसमें नक्सलियों ने अशोक पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया है। इस घटना से ताड़गांव समेत दामरंचा व आसपास के गांवों में दहशत का माहौल निर्माण हो गया है।

उल्लेखनीय हैं कि, गत सप्ताह रेपनपल्ली पुलिस थाना क्षेत्र के कोलामार्का जंगल परिसर में हुई जोरदार मुठभेड़ में पुलिस जवानों ने चार नक्सलियों को ढ़ेर करने में सफलता हासिल की थी। वहीं गत गुरुवार की देर रात को पुलिस जवानों ने छग सीमा पर हुई गोलीबारी में नक्सलियों को खदेड़ने में सफलता हासिल की थी। लगातार मिल रहीं असफलता के कारण अब नक्सली बौखला गए है। इसी कारण लोगों में दहशत निर्माण करने के लिए हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया है। इस घटना से क्षेत्र वासियों में दहशतपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Created On :   30 March 2024 1:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story