- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- किसानों को राहत, गोंदिया में धान...
Gondia News: किसानों को राहत, गोंदिया में धान खरीदने के लिए 15 केंद्रों को मिली मंजूरी

- किसान अब 31 मई तक करा सकेंगे ऑनलाइन पंजीयन
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य
Gondia News समर्थन मूल्य पर धान की शासकीय खरीदी योजना के अंतर्गत इस वर्ष ग्रीष्मकालीन रबी मौसम के धान की खरीदी के लिए जिला मार्केटिंग फेडरेशन ने अब तक जिले में 15 केंद्रों को मंजूरी दी है। खरीफ मौसम में खरीदे गए धान की मिलिंग के लिए डिओ देने का काम चल रहा है। जिन-जिन केंद्रों से धान उठता जाएगा, वैसे-वैसे उन्हें ग्रीष्मकालीन खरीफ मौसम की खरीदी के लिए अनुमति दी जाएगी। शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री करनेवाले किसानों को माल बेचने से पूर्व केंद्र पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन करनेवाले किसान ही सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री कर सकते हैं।
रबी फसल के धान की बिक्री के लिए पहले शासन की ओर से 30 अप्रैल तक का समय दिया गया था। लेकिन इस अवधि में किसानों का ऑनलाइन पंजीयन पूरा नहीं हो पाने को देखते हुए सरकार ने इसकी अवधि एक माह और बढ़ाकर 31 मई तक कर दी है। जिसे देखते हुए जिले के धान उत्पादक किसान अब अपने धान की बिक्री के लिए नजदीकी शासकीय धान खरीदी केंद्र पर जाकर 31 मई तक अपना पंजीयन करवा सकते हैं। जिला मार्केटिंग अधिकारी ने संस्था संचालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित मापदंडों पर खरा उतरनेवाला धान ही खरीदें। नमी बताकर किसानों से अधिक धान न लें। बल्कि उन्हें धान सुखाकर ही सेंटर पर लाने के लिए कहें। ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके।
अनियमितता पर केंद्र किया जाएगा निलंबित : धान खरीदी केंद्रों पर कई प्रकार की अनियमितताओं की बात समाने आती रही है। जिसे देखते हुए इस वर्ष रबी मौसम के दौरान हर शासकीय धान खरीदी केंद्र का प्रत्यक्ष जाकर निरीक्षण किया जाएगा। किसानों के साथ किसी भी प्रकार की खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर उस केंद्र को तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा और वे अगले तीन वर्षों तक धान की खरीदी नहीं कर सकेंगे। इसलिए केंद्र संचालकों से भी निवेदन है कि वे निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए ही ग्रीष्मकालीन रबी फसल के धान की खरीदी करें। - विवेक इंगले, डीएमओ, गोंदिया
Created On :   10 May 2025 5:01 PM IST