Jabalpur News: रांझी के नगर निगम मार्केट में पार्किंग की जगह नहीं, फिर कैसे दे दी गई फर्स्ट फ्लोर में दुकान बनाने की परमिशन

रांझी के नगर निगम मार्केट में पार्किंग की जगह नहीं, फिर कैसे दे दी गई फर्स्ट फ्लोर में दुकान बनाने की परमिशन
  • मार्केट के सामने रोज लग रहा जाम, नागरिक हो रहे परेशान, नगर निगम के अधिकारियों को कोई परवाह नहीं
  • नगर निगम ने लगभग 30 साल पहले रांझी स्थित लक्ष्मी नारायण स्कूल के सामने मार्केट बनाया था।

Jabalpur News: पार्किंग को लेकर नगर निगम के अधिकारी कितने लापरवाह हैं, इसका ताजा उदाहरण रांझी स्थित लक्ष्मी नारायण यादव स्कूल के सामने बने नगर निगम के मार्केट में देखा जा सकता है। यहां ग्राउंड फ्लोर पर बनी 20 दुकानों में आने वाले लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे रोज जाम लग रहा है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारियों ने यहां फर्स्ट फ्लोर पर 20 नई दुकान बनाने की परमिशन दे दी है। इससे यहां पर आने वाले समय में हालात बेकाबू हो सकते हैं।

नगर निगम ने लगभग 30 साल पहले रांझी स्थित लक्ष्मी नारायण स्कूल के सामने मार्केट बनाया था। नगर निगम ने दुकानदारों को 100 वर्गफीट की दुकानें आवंटित की थीं। इनके सामने 100 वर्गफीट का गलियारा छोड़ा गया था। धीरे-धीरे दुकानदारों ने 100 फीट के गलियारे में भी अवैध कब्जा कर लिया। इसके बाद से मार्केट के सामने रोजाना जाम लगने लगा। क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम से शिकायत करते रहे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

ग्राउंड फ्लोर पर मूल आवंटन 100 वर्गफीट का, फर्स्ट फ्लोर पर 200 वर्गफीट की दे दी परमिशन

नगर निगम के अधिकारी किस तरह से गड़बड़झाला करते हैं। इसका नमूना नगर निगम के रांझी मार्केट में देखा जा सकता है। यहां पर दुकानदारों को ग्राउंड फ्लोर पर मूल आवंटन 100 वर्गफीट की दुकानों का किया गया था। इसके बाद दुकानदारों ने 100 वर्गफीट के गलियारे पर भी कब्जा कर लिया। नगर निगम ने अवैध कब्जे को हटाए बिना फर्स्ट फ्लोर पर 200 वर्गफीट की दुकान बनाने की परमिशन दे दी है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि रांझी स्थित मार्केट में फर्स्ट फ्लोर पर 200 वर्गफीट की दुकानों के निर्माण की परमिशन किस आधार पर दी गई है, इसकी बारीकी से जांच कराई जानी चाहिए।

दिन भर रहता है हैवी ट्रैफिक

रांझी स्थित नगर निगम का मार्केट जबलपुर-अमरकंटक रोड पर बना है। यहां पर दिन भर हैवी ट्रैफिक रहता है। इस सड़क से कुंडम, डिंडोरी और अमरकंटक जाने वाली बसें और लोडिंग वाहन निकलते हैं। इस सड़क से आयुध निर्माणी खमरिया, सीओडी, 506 आर्मी बेस वर्कशॉप, व्हीएफजे और जीसीएफ के कर्मचारी भी निकलते हैं। इसी सड़क से रांझी क्षेत्र के निवासी शहर आते और जाते हैं। इसके बाद भी नगर निगम यहां पर पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं निकाल पा रहा है।

सड़क के किनारे बना दी 2 फीट ऊंची नाली

नगर निगम ने सड़क के किनारे दो फीट ऊंची नाली बना दी है। इसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क से दुकानों के सामने नहीं जा पा रहे हैं। यहां आने वाले लोगों को मजबूरी में सड़क पर ही वाहन खड़े करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम यदि यहां पर नाली के दोनों तरफ मिट्टी डालकर स्लोब बना दे तो वाहन आसानी से दुकानों के सामने जाने लगेंगे। इससे जाम से राहत मिलेगी।

रांझी स्थित लक्ष्मी नारायण स्कूल के सामने जो मार्केट है उसके गलियारे में 100 वर्गफीट दुकान बढ़ाने का नियमितीकरण कर दिया गया है। इसके बाद फर्स्ट फ्लोर में 200 वर्गफीट की दुकान बनाने की परमिशन दी गई है।

-दिनेश प्रताप सिंह, बाजार अधीक्षक

Created On :   10 May 2025 6:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story