- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आव्हाड और पडलकर के बीच हुई...
हंगामे की स्थिति: आव्हाड और पडलकर के बीच हुई गाली-गलौच, इच्छामृत्यु अनुमति मामले में गावित आक्रामक, दिव्यांग कल्याण आयुक्त पुरी होंगे निलंबित

- विधानसभा परिसर में जितेंद्र आव्हाड और गोपीचंद पडलकर के बीच हुई गाली-गलौच
- दिव्यांग कल्याण आयुक्त पुरी होंगे निलंबित, दिव्यांग कल्याण मंत्री सावे ने की घोषणा
- पालघर में जमीन विवाद से पीड़ित बुजुर्ग महिला ने मांगी इच्छामृत्यु की अनुमति, विधायक राजेंद्र गावित विधानसभा में हुए आक्रामक
Mumbai News. महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में पिछले कुछ दिनों से सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाज़ी तेज हो गई है। अब यह जुबानी जंग गाली-गलौच तक पहुँच गई है। मंगलवार को राकांपा (शरद) विधायक जितेंद्र आव्हाड तथा भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के बीच विधानसभा परिसर के गेट पर विवाद हो गया जिसमें दोनों में गाली-गलौच भी हो गई। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दरअसल कुछ दिन पहले जितेंद्र आव्हाड ने विधान भवन में प्रवेश करते समय गोपीचंद पडलकर का नाम लिए बिना "मंगलसूत्र चोर'' नाम से नारेबाजी की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद दोनों नेताओं के कार्यकर्ताओं के बीच सोशल मीडिया पर बहस और व्यंगचित्रों का दौर शुरू हो गया था। अब ताजा घटना में विधानसभा के गेट के पास गोपीचंद पडलकर और जितेंद्र आव्हाड आमने-सामने आ गए। आरोप है कि जब गोपीचंद अपनी गाड़ी से उतरे, तब उन्होंने दरवाजा जानबूझकर जोर से बंद किया, जो पास में ही खड़े आव्हाड को लग गया। इसी बात को लेकर दोनों नेताओं में बहस शुरू हो गई जो जल्द ही गाली-गलौच में बदल गई। हालांकि दोनों नेताओं को मौके पर मौजूद लोगों ने शांत कराया। दोनों ही नेताओं के बीच गाली-गलौच का यह मुद्दा विधान भवन में चर्चा का विषय जरूर बन गया
पालघर में जमीन विवाद से पीड़ित बुजुर्ग महिला ने मांगी इच्छामृत्यु की अनुमति, विधायक राजेंद्र गावित विधानसभा में हुए आक्रामक
पालघर जिले की 71 वर्षीय वेणूबाई बाबूराव पाटिल ने ज़मीन विवाद के कारण इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है। इस मामले को लेकर शिवसेना (शिंदे) विधायक विजय कुमार गावित विधानसभा में आक्रामक दिखे। गावित ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि गांव के भू-माफियाओं द्वारा ठगी कर उनकी ज़मीन हड़प ली गई है, जिससे वेणूबाई पाटिल बर्बाद हो गई हैं। गावित ने बताया कि वेणूबाई पाटिल के पति के निधन के बाद उनके बेटे बारूक महाद्या भंडारी के नाम पर 9 गुंठे ज़मीन थी। वेणूबाई अपने परिवार के साथ इसी ज़मीन पर खेती कर गुजारा कर रही थीं। लेकिन कुछ महीने पहले यह सामने आया कि बारूक ने वह ज़मीन बिना जानकारी के बेच दी। इस ज़मीन की खरीद-फरोख्त में भू-माफिया रोहित दत्तात्रेय राजपूत ने फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर ज़मीन अपने नाम करवा ली, ऐसा आरोप गावित ने विधानसभा में किया। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण वेणूबाई पाटिल आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी पालघर और पालघर के पालक मंत्री को पत्र भेजकर इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है। गावित ने राज्य सरकार से इस प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
दिव्यांग कल्याण आयुक्त पुरी होंगे निलंबित, दिव्यांग कल्याण मंत्री सावे ने की घोषणा
नागपुर के मातोश्री शोभाताई भाकरे मतिमंद बच्चों के आवासीय स्कूल के अनियमितता मामले में राज्य के दिव्यांग कल्याण आयुक्त प्रवीण पुरी को जबरन छुट्टी पर भेजकर उन्हें निलंबित किया जाएगा। विधान परिषद में राज्य के दिव्यांग कल्याण मंत्री अतुल सावे ने यह घोषणा की। बुधवार को सदन में भाजपा सदस्य संदीप जोशी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए मातोश्री शोभाताई स्कूल के प्रबंधक द्वारा शिक्षकों से दुर्व्यवहार करने और अनियमितता का मुद्दा उठाया। जोशी ने कहा कि स्कूल प्रबंधक ने शिक्षकों को बंदूक दिखाया है। मैं इस मामले को लेकर हर दिन दिव्यांग कल्याण आयुक्त को फोन कर रहा हूं। लेकिन वह सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके जवाब में सावे ने कहा कि दिव्यांग कल्याण आयुक्त के खिलाफ कई शिकायतें आई हैं। लेकिन आईएएस अफसर होने के कारण उन्हें निलंबित करने का अधिकार मुझे नहीं है। इस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फैसला लेने के लिए कहा जाएगा। इस पर सत्तारूढ़ सदस्य दिव्यांग कल्याण आयुक्त को निलंबित करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसके बाद सभापति राम शिंदे ने दिव्यांग कल्याण आयुक्त को जबरन छुट्टी पर भेजकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सभापति ने कहा कि दिव्यांग कल्याण आयुक्त को प्रक्रिया का पालन करते हुए निलंबित किया जाए। इसके जवाब में सावे ने कहा कि सभापति के निर्देश का पालन किया जाएगा। इस बीच सावे ने कहा कि मातोश्री शोभाताई स्कूल में छह महीने के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया है। इस मामले में नागपुर जिला परिषद परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की रिपोर्ट को लेकर उनकी जांच की जाएगी। सावे ने कहा कि स्कूल प्रबंधक के बंदूक का लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
Created On :   16 July 2025 9:44 PM IST