Mumbai News: उद्धव ठाकरे का बड़ा आरोप - विधानसभा चुनाव में 42 लाख वोटों की चोरी हुई है

उद्धव ठाकरे का बड़ा आरोप - विधानसभा चुनाव में 42 लाख वोटों की चोरी हुई है
  • पूर्व मुख्यमंत्री बोले- घर-घर जाकर मतदाता सूची की करें जांच
  • विधानसभा चुनाव में 42 लाख वोटों की चोरी हुई है
  • कांग्रेस शासन में मोदी जीते थे- मुख्यमंत्री

Mumbai News. साल 2024 के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के आरोपों पर दोनों ठाकरे भाई और सत्तारूढ़ भाजपा आमने -सामने आई गई है। शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दावा करते हुए कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव में 40- 42 लाख वोट की चोरी हुई है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जब तक विपक्षी दल अपनी हार का आत्मचिंतन नहीं करेंगे, जब तक विपक्ष चुनाव नहीं जीत सकता। रविवार को उद्धव ने दहिसर में शिवसेना (उद्धव) की दो शाखाओं का दौरा किया। यहां पर उन्होंने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा चुनाव के समय मतदाता सूची में 40- 42 लाख लोगों के नाम शामिल किए गए थे। ये मतदाता आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान न करने पाए। इसके लिए शिवसेना (उद्धव) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करें। यह पता लगाएं कि एक व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में एक ही जगह है अथवा नहीं? क्योंकि कई बार चुनाव में फर्जी मतदान होता है। एक ही व्यक्ति दो से तीन जगह पर वोटिंग करते हैं। उद्धव ने कहा कि पिछले दो- तीन सालों से लगातार मीडिया में खबरें आती हैं कि शिवसेना (उद्धव) को झटका लगा है। लेकिन ऐसे झटका देने वाले कई लोग आए। शायद शिवसेना (उद्धव) को थोड़ा झटका लगा होगा। लेकिन धोखा नहीं हुआ है। धोखा देने का प्रयास आगे भी हो सकता है। लेकिन जब तक कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी के साथ मजबूती से रहेंगे। तब तक पार्टी को कोई असर नहीं पड़ेगा।

राज ने पुणे में क्या कहा था

इससे पहले शनिवार को पुणे में मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा था कि वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मनसे की बैठक में राज ने कहा कि मैं तो कई सालों से मतदाता सूची में गड़बडी का आरोप लगा रहा हूं। अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाया है। मैं विपक्ष के नेताओं से साल 2024 के लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का आग्रह किया था। इससे विश्वभर में इसकी चर्चा होती। इसके लिए मैंने दिल्ली में विपक्ष के शीर्ष नेताओं से मुलाकात किया था। राज ने दावा किया था कि चुनावों में मनसे के वोट चोरी होते हैं। इसलिए आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में मतदाता सूची का एक-एक नाम की जांच होनी चाहिए। तभी मनसे को चुनाव में जीत मिल सकती है।

कांग्रेस शासन में मोदी जीते थे- मुख्यमंत्री

नागपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2014 में देश और महाराष्ट्र में कांग्रेस का शासन था। कांग्रेस का शासन रहते हुए नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे और मुझे साल 2014 के विधानसभा चुनाव बाद राज्य का नेतृत्व करने का मौका मिला था। हमें जनता जनादेश देती है। इसलिए हम लागातार चुनाव जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टियों के नेता अपना दिल बहलाने के लिए वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। विपक्षी दलों के नेता अपने कार्यकर्ताओं को यह भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि हम तो जीतने वाले थे। लेकिन षड्यंत्र के कारण चुनाव हार गए। ताकि कार्यकर्ता बिखर न जाए।

राज के मिलने से कोई भ्रमित न हो

बीते 21 अगस्त को मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से उनके सरकारी आवास वर्षा पर मुलाकात की थी। इस पर सफाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को भ्रमित नहीं होना चाहिए। भाजपा महायुति के घटक दलों के साथ मिलकर स्थानीय निकाय चुनाव लड़ेगी। किसी के मुलाकात करने से हमारी राजनीति और गठबंधन तय नहीं होता है। महायुति अभेद्य है। महायुति ही निकाय चुनाव जीतेगी।


Created On :   24 Aug 2025 9:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story