बड़ा दावा: सुशील कुमार शिंदे बोले- दो बार भाजपा में शामिल होने का मिला ऑफर, नहीं छोडूंगा कांग्रेस

सुशील कुमार शिंदे बोले- दो बार भाजपा में शामिल होने का मिला ऑफर, नहीं छोडूंगा कांग्रेस
  • पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे का बड़ा दावा
  • हरगिज नहीं छोडूंगा कांग्रेस पार्टी
  • दो बार भाजपा में शामिल होने का मिला ऑफर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे के बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शिंदे ने कहा कि मैं दो बार लोकसभा का चुनाव हार चुका हूं लेकिन बावजूद इसके मुझे और मेरी विधायक बेटी प्रणीति शिंदे को भाजपा में शामिल होने का दो बार खुला ऑफर मिला है। हालांकि शिंदे ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने का ऑफर किसने दिया? शिंदे का कहना है कि भले ही भाजपा ने उन्हें ऑफर दिया हो लेकिन कांग्रेस मेरे खून में है और मैं कभी कांग्रेस नहीं छोडूंगा। शिंदे के बयान के बीच बुधवार शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटील ने शिंदे से उनके घर पर मुलाकात की। शिंदे और पाटील की मुलाकात पर टाइमिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस के पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद भाजपा नेता गिरीश महाजन ने अगले 15 दिनों में बड़े राजनीतिक भूचाल की बात कही थी।

मंगलवार रात अक्कलकोट तालुका में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत में सुशील कुमार शिंदे ने यह बयान देकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी कि उन्हें भाजपा में शामिल होने का ऑफर मिला है। जब इसको लेकर बुधवार को पत्रकारों ने शिंदे से पूछा कि भाजपा में उन्हें किसने शामिल होने का ऑफर दिया है। इस प्रश्न के जवाब में शिंदे ने कहा कि उन्हें उनकी बेटी के साथ आने का ऑफर मिला है, लेकिन ऑफर भाजपा के एक बड़े नेता के जरिए आया है। शिंदे ने कहा कि मैं 83 साल का हो गया हूं लेकिन अब यह कैसे संभव है। जिस मां की गोद में हम बड़े हुए, जहां हमने अपना बचपन और जवानी बिताई। उसे कैसे भूल जाएं? शिंदे ने कहा की प्रणीति शिंदे भी पार्टी बदलने के झांसे में नहीं आएंगी। हम कभी कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे।

शिंदे ने कहा कि राजनीति में हार-जीत होती रहती है। शिंदे ने उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा ही एक बार जवाहरलाल नेहरू के साथ भी हुआ था। नेहरू चुनाव हार गए थे लेकिन उन्होंने कहा था कि छोटे बच्चों को शुरू में सहारा देना पड़ता है, फिर वह अपने आप चलने लगता है। वह चलते-चलते गिर जाता है और फिर खड़ा हो जाता है। गिरकर फिर उठता है और जब चलने लगता है तो फिर वह कभी नहीं गिरता। शिंदे ने कहा कि आप (भाजपा) को हमारी चिंता नहीं करनी चाहिए। आज हमारे खराब दिन चल रहे हैं लेकिन यह भी निकल जाएंगे। फिर से हमारे और कांग्रेस के गौरवशाली दिन आएंगे।

बयान के बीच शिंदे से मिले चंद्रकांत पाटील

इस बीच शिंदे के बयान के बाद बुधवार शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने शिंदे से उनके घर पर मुलाकात की। हालांकि पाटील ने यह मुलाकात नाट्य सम्मेलन कार्यक्रम के सिलसिले में की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शिंदे के दावे पर कहा कि, भाजपा की तरफ से उन्हंह और प्रणीति शिंदे को इस तरह की कोई पेशकश नहीं की गई है। मेरी शिंदे से दो-तीन बार मुलाकात हो चुकी है लेकिन उस मुलाकात में ऐसा कुछ नहीं हुआ। अगर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोई भी भाजपा का दुपट्टा पहनने के लिए तैयार होगा तो उसका स्वागत किया जाएगा।

भाजपा इस समय बौखलाई हुई है- पटोले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने सुशील कुमार शिंदे के बयान पर कहा कि भाजपा इस समय बौखलाई हुई है। यही कारण है कि विपक्षी दलों के नेताओं को अपनी ओर इकट्ठा करने में लगी हुई है। पटोले ने कहा कि इस बार भाजपा शिंदे के मामले में सफल नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक वैचारिक पार्टी नहीं है क्योंकि उन्हें संविधान की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सुशील कुमार शिंदे ने अपना पक्ष रख दिया है।

Created On :   17 Jan 2024 4:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story