राजनीति: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा महाराष्ट्र के 7 जिलों से होकर गुजरेगी

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा महाराष्ट्र के 7 जिलों से होकर गुजरेगी
  • 479 किमी की यात्रा होगी
  • समितियां गठन का दौर
  • 20 फरवरी को महाराष्ट्र में यात्रा का समापन होगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा राज्य में 7 जिलों से गुजरेगी। 20 फरवरी को महाराष्ट्र में इस यात्रा का समापन होगा। 479 किमी की यात्रा होगी। लेकिन अब तक यात्रा के लिए समापन स्थल तय नहीं हो पाया है। यही नहीं यात्रा गमन स्थल को लेकर भी मार्ग सूची तय नहीं हो पाई है। उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में यह यात्रा अभूतपूर्व होगी। 14 जनवरी से मणिपुर से निकली न्याय यात्रा के राज्यवार नियोजन के लिए अब भी समितियां गठन का दौर चल रहा है। महाराष्ट्र के लिए इस कार्य का दायित्व अखिल भारतीय सचिव धीरज गुर्जर, बीएम संदीप व चेतन चौहान को दिया गया है। राज्य के प्रमुख नेताओं को नियोजन कार्य से दूर रखा गया है।

ठाणे में यात्रा का समापन होगा : राहुल गांधी ने नागपुर में हुई पार्टी की स्थापना दिन सभा में कहा था कि भारत जोड़ाे यात्रा का महाराष्ट्र में काफी प्रतिसाद मिला था। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की प्रशंसा भी की थी। लेकिन राज्य के कुछ पटोले विरोधी नेता संगठन में महत्व नहीं मिलने की शिकायत के साथ असंतुष्ट हैं। दावा किया जा रहा है कि इन्हीं कारणों से यात्रा गमन स्थल का चयन नहीं हो पाया है। मोटे तौर पर माना जा रहा है कि 10 फरवरी को यह यात्रा गुजरात के सूरत क्षेत्र होते हुए महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी।

नवाबपुर, धुले, नंदूरबार, मालेगांव, नाशिक, ठाणे होते हुए मुंबई तक यात्रा पहुंचेगी। पहले कहा गया कि ठाणे में यात्रा का समापन होगा। लेकिन अब यात्रा के समापन स्थल को लेकर सहमति का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस सूत्र के अनुसार महाराष्ट्र में इस यात्रा के दौरान भाजपा संबंधित क्षेत्र में बड़ी सभा का आयोजन कर सकती है इसलिए फिलहाल यात्रा के मार्ग व स्थान को लेकर कांग्रेस ने खुलकर कुछ नहीं कहा है। यात्रा में कांग्रेस के सहयोगी दल शिवसेना उद्धव गुट, राकांपा शरद पवार गुट के नेताओं काे शामिल करने का प्रयास भी किया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे के अनुसार वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में जल्द ही महाराष्ट्र के लिए यात्रा कार्यक्रम घोषित होगा।

Created On :   25 Jan 2024 8:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story