मायावती का निशाना: कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बनी बसपा, भाजपा भी कर रही कांग्रेस समान काम

कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बनी बसपा, भाजपा भी कर रही कांग्रेस समान काम
  • मायावती ने कहा सत्ता में आने पर सामाजिक सुरक्षा के प्रभावी कदम उठाएंगे
  • कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बनी बसपा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। समाज के कमजोर वर्ग के हितों की राजनीति करने का आवाहन करते हुए बसपा अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस व भाजपा को राजनीतिक मामले में एक दूसरे की पूरक ठहराया। उन्होंने कहा-कांग्रेस सही तरीके से काम करती तो बसपा बनाने की आवश्यकता ही नहीं होती। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बसपा बनी। अब भाजपा और उसके सहयोगी दल भी कांग्रेस के समान ही काम कर रहे हैं। पारदर्शी चुनाव हुए तो इस बार भाजपा भी सत्ता से दूर हो जाएगी। उत्तरप्रदेश में मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि केंद्र में सत्ता में आने पर सामाजिक सुरक्षा के प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। गुरुवार को बेझनबाग मैदान में बसपा उम्मीदवारों की प्रचार सभा में मायावती बोल रही थी।

कांग्रेस की कथनी व करनी में अंतर

मायावती ने कहा कि कांग्रेस की कथनी व करनी में अंतर है। कांग्रेस के राज में संघर्ष करते रहे बाबासाहब आंबेडकर को भारतरत्न सम्मान देने की मांग की जाती रही। बसपा के प्रयासों से वीपीसिंह के नेतृत्व की सरकार ने बाबासाहब को भारत रत्न सम्मान दिया। बसपा के संस्थापक कांशीराम की मृत्यु पर देश में एक दिन का शोक भी घोषित नहीं किया गया। तब केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार थी। ओबीसी कल्याण के संबंध में मंडल आयोग की सिफारिश को कांग्रेस ने लागू नहीं किया था। कांग्रेस की इन नीतियों के कारण ही बसपा बनीं। वीपी सिंह सरकार ने बसपा से समर्थन मांगा था। तब बसपा ने उस सरकार से दो मांगे मनवायी। पहली मांग थी बाबासाहब को भारतरत्न सम्मान व दूसरी मांग थी मंडल आयोग की सिफारिश को लागू करना।

भाजपा भी कांग्रेस के समान

जातिवादी , संकीर्ण व द्वेषपूर्ण मानसिकता के कारण कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई। भाजपा व उसके सहयोगी दलों को सत्ता का मौका मिला। लेकिन भाजपा व उसके सहयोगी दल भी कांग्रेस के समान ही काम कर रहे हैं। फ्री एंड फेयर चुनाव व वोटिंग मशीन में गड़बड़ी नहीं होने पर भाजपा आसानी से सत्ता में नहीं आ पायेगी। अच्छे दिन दिखाने के एक चौथाई वादे भी पूरे नहीं हो पाए हैं। उच्चतम न्यायालय की सख्ती व इलेक्ट्राल बांड से खुलासा हुआ है कि पूंजीपतियों व धन्नासेठों को मालामाल किया जा रहा है। कांग्रेस के समान भाजपा भी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। किसान परेशान हैं।

अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति को आरक्षण का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। पदोन्नति में आरक्षण का कोटा अधूरा है। सच्चर कमेटी ने मुस्लिम समाज की स्थिति का खुलासा किया है। मुस्लिम सहित अन्य अल्पसंख्यक वर्ग का विकास नहीं होने दिया जा रहा है। देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। बाबासाहब व कांशीराम को महाराष्ट्र में बहुजन समाज ने निराश किया। इस बार गलतियां नहीं करना है।

Created On :   11 April 2024 4:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story