प्रहार: आरोपों की झड़ी, भ्रष्टों व रेत चोरों को नहीं छोड़ेंगे, जमकर बरसे शिंदे, फडणवीस

आरोपों की  झड़ी,  भ्रष्टों व रेत चोरों को नहीं छोड़ेंगे, जमकर बरसे शिंदे, फडणवीस
  • उद्धव ठाकरे और सुनील केदार को दोनों ने चेताया
  • करप्शन फर्स्ट की इस आघाड़ी का एजेंडा
  • मोदी को जिताने की गारंटी ली

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महायुति के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जमकर बरसे। शिंदे के निशाने पर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे थे तो उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व मंत्री सुनील केदार को चेताया। जोर देकर कहा गया-भ्रष्टों व रेती चोरों को नहीं छोड़ेंगे।

सांप नेवले का साथ : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाविकास आघाड़ी में न नीयत है, न ही नीति, न ही निर्णय लेने की क्षमता है। करप्शन फर्स्ट की इस आघाड़ी का एजेंडा है। उद्धव ठाकरे की मैत्री सांप व नेवले की मैत्री के समान है। राज्य में भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी को लेकर उद्धव ठाकरे के वक्तव्यों पर शिंदे ने कहा-हाथी चले बाजार...जैसी स्थिति उबाठा अर्थात उद्धव बालासाहब ठाकरे की हुई है। लोगों ने मोदी को जिताने की गारंटी ली है, इसलिए वे अब तक के जीत के सारे रिकार्ड तोड़ देंगे। शिंदे ने कहा-महायुति के पास आत्मविश्वास है तो महाविकास आघाड़ी के पास अहंकार है। रावण का अंत अहंकार के कारण हुआ था। रामटेक में भी रावण समान आघाड़ी का अहंकार टूटेगा। महाराष्ट्र में मोदी की जय जयकार हो रही है। हर घर मोदी नहीं हर मन मोदी दिख रहा है। शरीर में बल नहीं और चिकोटी लेकर भागनेवाली अवस्था आघाड़ी के नेताओं की है। 2014 में मोदी प्रधानमंत्री हुए तब सेंसेक्स 25 हजार था। अब 75 हजार है। 10 वर्ष में देश की अर्थव्यस्था का इतनी विकास हुआ है कि अफ्रीकी देश उसकी सराहना कर रहे हैं। मोदी का एजेंडा है-देश की प्रगति नेशन, फर्स्ट।

जैसे को तैसे जवाब : उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-कांग्रेस में बड़े पैमाने पर रेत चोर दिख रहे हैं। अब देवेंद्र और शिंदे की सरकार है। अब रेत चोर को नहीं छोड़ेंगे। जिन्होंने रेत चोरी का पैसा तिजोरी में रखा है, उनकी तिजोरी से वह पैसा वापस लेंगे। फडणवीस ने कहा रेत चोरों को कांग्रेस के नेता का संरक्षण है। वे दहशत के बल पर चुनाव जीतने का प्रयास कर रहे हैं। ठाेकशाही का प्रयास करने वालों को वैसा ही उत्तर देने की हिम्मत हममें हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से देश का नेता चुना जाता है। एक तरफ नरेंद्र मोदी तो दूसरी ओर राहुल गांधी का नेेतृत्व है। मतदान के समय स्थानीय के बजाय देश के नेतृत्व का ध्यान रखें।

कांग्रेस उम्मीदवार पर गंभीर मामले : महायुति उम्मीदवार राजू पारवे ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार श्याम बर्वे पर धोखाधड़ी व दुष्कर्म के मामले दर्ज है। गंभीर मामलों में लिप्त ऐसे जनप्रतिनिधि जनता को न्याय नहीं दे पाएंगे।

संविधान नहीं बदल सकते हैं : रामदास आठवले ने कहा कि संविधान को बदला नहीं जा सकता है। ऐसे प्रयास किए गए तो उसका विरोध किया जाएगा। राहुल गांधी भारत जोड़ाे यात्रा निकालकर समाज तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आठवले ने कविताओं के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी व महायुति उम्मीदवार की सराहना भी की।

कंफ्यूज कर रहे हैं : नितीन गडकरी ने कहा कि काम के आधार पर विरोध नहीं कर पाने की स्थिति में विरोध कन्विंस के बजाय कन्फ्यूज करने का प्रयास कर रहे हैं। इंदिरा गांधी के समय व आपातकाल में लोकतंत्र नहीं रह गया था। अब संविधान पर संकट का निराधार भ्रम फैलाया जा रहा है। वास्तविकता है कि कोई भी संविधान को नहीं बदल सकता है। उच्चतम न्यायालय की 7 जजों की बेंच ने निर्णय दिया है कि संविधान के मूलभूत तत्वों को बदल नहीं सकते हैं। कांग्रेस ने तो संविधान को 80 बार तोड़ा है।

Created On :   11 April 2024 5:08 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story