नागपुर: दिव्यांग व 80+ आयु वाले घर बैठकर दे सकेंगे वोट, भरकर देना होगा 12 डी फार्म

दिव्यांग व 80+ आयु वाले घर बैठकर दे सकेंगे वोट, भरकर देना होगा 12 डी फार्म
  • दो बार घर में नहीं मिले, तो नहीं कर सकेंगे वोट
  • दिव्यांग वोटरों की संख्या 18215

डिजिटल डेस्क, नागपुर. चुनाव आयोग ने दिव्यांग व 80 प्लस आयु वाले वोटरों के लिए घर बैठे मतदान करने की सुविधा दी है। ऐसे वोटरों को 12 डी फार्म भरने के बाद घर बैठकर वोट कर सकेंगे। पोलिंग पार्टी संबंधित वोटर के घर पहुंचेगी। पहली बार नहीं मिलने पर दूसरी बार घर पहुंचेंगे और उस वक्त भी नहीं मिलने पर संबंधित वोटर वोट नहीं कर सकेगा। जिले में नागपुर व रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 42 लाख 33 हजार 605 मतदाता हैैं। इनमें 80 प्लस आयु के मतदाताआें की संख्या 1 लाख 17 हजार 708 आैर दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 18 हजार 215 है।

पोलिंग पार्टी देगी सूचना

दिव्यांग, 80 प्लस व कोरोना बाधित वोटर अधिक से अधिक मतदान कर सकें, इसके लिए चुनाव आयोग ने घर बैठकर मतदान करने की व्यवस्था की है। इस सुविधा का लाभ लेना है या नहीं, यह पूरी तरह संबंधित वोटर पर निर्भर है। अगर फार्म 12 डी भरकर दिया, तो इस सुविधा का लाभ मिलेगा। फार्म भरने के बाद पोलिंग पार्टी घर आने की सूचना देगी। उस वक्त घर पर नहीं मिलने पर पोलिंग पार्टी घर पर एक नोटिस चस्पा कर अगली तारीख देगी। अगली तारीख पर नहीं मिले, तो संबंधित व्यक्ति वोट नहीं कर सकेगा। मतदान केंद्र पर जाकर भी वोट नहीं कर सकेंगे।

दिव्यांग वोटरों की संख्या 18215

मतदान केंद्र पर जाकर वोट करने वाले दिव्यांग, 80 प्लस आयु व गंभीर बीमार व्यक्ति के लिए मतदान केंद्र परिसर में व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। 60 साल आयु वर्ग के वोटर को चलने में परेशानी है, तो वह भी मतदान केंद्र परिसर में व्हील चेयर का लाभ ले सकता है। व्हील चेयर घर नहीं भेजी जाएगी। यह केवल परिसर में ही सेवा देगी। जिला प्रशासन चेयर किराए पर लेकर यह सारी व्यवस्था करता है। जिले में कुल 18215 दिव्यांग मतदाता हैं। नागपुर में 9481 व रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 8734 दिव्यांग मतदाता हैं। इसमें 7760 महिला दिव्यांग मतदाता हैं। जिले में दिव्यांग मतदाताआें में एक भी तृतीयपंथी नहीं हैं।

Created On :   25 Feb 2024 2:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story