आरोप :: पुलिस ने आप के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया , जताया विरोध

पुलिस ने आप के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया , जताया विरोध
  • भाजपा के इशारों पर की जा रही मनमानी
  • विरोध जताने की आशंका में की गई कार्रवाई
  • पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को डिटेन किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नागपुर आगमन होने पर विराेध जताने की आशंका के चलते पुलिस ने आप के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को डिटेन किया। नागपुर, कन्हान, रामटेक, चंद्रपुर सहित कई जगह पर पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को गैर कानूनी ढंग से हिरासत में लिए जाने का आरोप आम आदमी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश संगठन मंत्री भूषण ढाकुलकर ने लगाया है। उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने का विरोध किया किया जा रहा है।

थाने में बैठाकर रखा गया : ढाकुलकर ने पत्रकार भवन में आयोजित पत्र परिषद में बताया कि कन्हान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए आप के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को कोतवाली और जरीपटका थानांतर्गत व शहर के अन्य भागों से कई गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया। आम आदमी पार्टी के नागपुर शहर संगठन मंत्री रोशन डोंगरे, शहर सह संगठन मंत्री गिरीश तितरमारे, नागपुर शहर सचिव विशाल वैद्य, नागपुर ग्रामीण उपाध्यक्ष शैलेश गजभिये, नागपुर ग्रामीण संगठन मंत्री शौकत अली आदि के अलावा अन्य कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी की कन्हान रैली में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाने की आशंका के तहत कोतवाली और जरीपटका पुलिस और शहर के अन्य इलाकों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता को संबंधित पुलिस स्टेशन में जबरदस्ती बैठा कर रखा गया।

संघर्ष जारी रखेंगे : भूषण ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस, भाजपा के इशारों पर मनमानी करके बिना वजह आप के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में इंडिया आघाड़ी का प्रचार करने से परेशान करने का काम कर रही है। इस समय आम आदमी पार्टी तानाशाही से बिलकुल नहीं डरेगी। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के तरह संघर्ष जारी रखेंगे। भूषण ने कहा कि इस तानाशाही सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से खदेड़ देंगे और देश की लोकशाही बचाएंगे। पत्र परिषद में भूषण ढाकुलकर के अलावा अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Created On :   11 April 2024 7:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story