गिरफ्तारी: महिला से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार, सोनेगांव थाने में मामला दर्ज

महिला से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार,  सोनेगांव थाने में मामला दर्ज
  • तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश से नागपुर आए थे दोनों आरोपी
  • जबरन मुंह दबाकर झाड़ियों में ले जा रहे थे
  • महिला ने आरोपी के हाथ पर दांत से काटकर बचाई आबरू

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सोनेगांव इलाके में घरों में काम करने वाली एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम कुबेर सिंह बागेशरण (30) और सुनील कुमार रूप शाह (30) अमवार, दुद्धी जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश निवासी है। दोनों आरोपियों पर सोनेगांव थाने के उपनिरीक्षक किशोर चुटे ने धारा 341, 354, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को आपबीती सुनाई : आरोप है कि दोनों आरोपी महिला का मुंह दबाकर उसे जबरन झाड़ियों की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। अपनी आबरू बचाने के लिए महिला एक आरोपी के हाथ पर दांत से काटकर भाग निकली। आरोपियों की चंगुल से छूटने के बाद महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों पर महिला से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक के अनुसार दोनों आरोपी तीन दिन पहले नागपुर में काम की तलाश में आए थे। उन्हें एक कंपनी में मजदूरी का काम भी मिला था। सोनेगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर से निकली थी काम पर : पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि वह दूसरों के घर में नौकरानी का काम करती है। 10 अप्रैल को सुबह करीब 10.15 बजे घर से काम पर निकली और मोबाइल फोन पर अपनी चाची से बातें करते हुए पैदल जा रही थी। इस दौरान अचानक उसके पीछे से 30 वर्षीय दो अज्ञात युवक आए। दोनों युवकों ने उसका मंुह दबाया और उसे जबरन उठाकर झाड़ियों में ले जाने लगे। तब वह शोर मचाती हुई दोनों के चंगुल से छुड़ाकर पास के अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड के पास दौड़कर गई। उसने घटना के बारे में बताया।

नागरिकों ने की पिटाई : सूचना मिलते ही महिला का भाई और अन्य लोग वहां पहुंच गए। घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई। आस-पास के इलाके में नागरिकों ने दोनों आरोपियों की खोजबीन की। इस दौरान आरोपी कुबेर सिंह को दबोच लिया गया। नागरिकों ने उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर उसके दूसरे साथी सुनील कुमार को भी पकड़ लिया। दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं।

महिला का फोन चालू था : उपनिरीक्षक के अनुसार घटना के समय महिला का फोन चालू था। उसने अपनी चाची को बताया कि दो लोग उसे जबरन उठाकर ले जा रहे थे। वह उनकी चंगुल से बचकर भाग निकली है। उसने चाची से भाई और परिवार के अन्य लोगों को मदद के लिए भेजने की बात कही। इसके बाद उसकी चाची ने महिला के भाई को इसके बारे में जानकारी दी। तब महिला का भाई मदद के लिए पहुंचा। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। महिला विधवा है और उसके दो बच्चे हैं। वह अपने भाई के घर में रहती है।

Created On :   11 April 2024 7:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story