विकास: बजट में थर्ड व फोर्थ लाइन के लिए धनवर्षा, 740 करोड़ रुपए से होंगे विकास कार्य

बजट में थर्ड व फोर्थ लाइन के लिए धनवर्षा,  740 करोड़ रुपए से होंगे विकास कार्य
  • मध्य रेलवे को 10, 600 करोड़ व दपूम रेलवे नागपुर को 455 करोड़ रुपए
  • इटारसी-नागपुर को 320 करोड़ और वर्धा-नागपुर थर्ड-फोर्थ लाइन को 2 सौ 45 करोड़ मिले
  • अंतिम चरण के कार्य व नई लाइन का विकास तेजी से

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बजट में मध्य रेलवे को 10 हजार 6 सौ करोड़ का बजट दिया गया है। इसमें नागपुर मंडल की थर्ड व फोर्थ लाइन के लिए धनवर्षा हुई है। कुल 740 करोड़ रुपए इन लाइनों के विकास के लिए दिए गए हैं। इसमें ‌वर्धा-नागपुर थर्ड लाइन के लिए 125 करोड़, वर्धा-नागपुर फोर्थ लाइन के लिए 120 करोड़, इटारसी-नागपुर के लिए 320 करोड़ और वर्धा-बल्लारशाह 3 लाइन के लिए 200 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा वर्धा नांदेड़ लाइन के लिए 750 करोड़ रुपए मिले हैं।

ज्यादातर राशि नई लाइन को : बजट में महाराष्ट्र की रेल विभाग को 15 हजार 5 सौ 54 करोड़ दिए गए हैं। इसमें मध्य रेलवे को 10 हजार 6 सौ करोड़ मंजूर हुए हैं। यह राशि ज्यादातर नई लाइन को दी गई है। इस कारण नई लाइन का विकास तेजी से होने की उम्मीद की जा रही है। ‌

वर्धा-नागपुर थर्ड लाइन का काम अंतिम चरण में है। इसके लिए बजट में 125 करोड़ मंजूर हुए है। वहीं वर्धा-नागपुर फोर्थ लाइन को भी 120 करोड़ मिले हैं। यह दोनों लाइन लगभग तैयार हो गई है। ऐसे में बजट में मिली राशि से इसी साल यह लाइन यात्री सुविधाओं के लिए शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। इस लाइन के शुरू होने पर मुंबई लाइन पर मालगाड़ियों को तेजी मिलेगी। यात्री गाड़ियों के बीच भी कोई अड़ंगा नहीं रहेगा।

नागपुर से इटारसी के बीच में भी तीसरी लाइन का निर्माण किया जा रहा है। कुल 280 किमी की यह लाइन साकार होने पर दिल्ली लाइन पर गाड़ियों की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। बजट में इसे भी 320 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है।

नागपुर मंडल की वर्धा से बल्लारशाह तीसरी लाइन भी महत्वपूर्ण है, जिसे 2 सौ करोड़ दिए गए हैं। कुल 132 किमी की यह लाइन साकार होने पर नागपुर से बल्लारशाह तक तीसरी लाइन की कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

अजनी स्टेशन को 7.5 करोड़ रुपए : नागपुर मंडल के अजनी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने का काम शुरू है। इसे अत्याधुनिक स्टेशन बनाया जाने वाला है, जिसका जिम्मा आरएलडीए को दिया गया है। इस स्टेशन को सैटेलाइट टर्मिनल बनाने की घोषणा वर्षों पहले हुई है। इस बजट में कुल 7.5 करोड़ रुपए इसे दिए गए हैं।

दपूम रेलवे नागपुर को 455 करोड़ : दपूम रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत नई लाइन व थर्ड लाइन के लिए अच्छी राशि मिली है। इसमें वडसा-गड़चिरोली नई लाइन के लिए 150 करोड़ रुपए और नागपुर-राजनांदगांव तीसरी लाइन के लिए 305 करोड़ रुपए मिले हैं।

वर्धा-नांदेड़ से मिलेगी मराठवाड़ा की कनेक्टिविटी : वर्तमान में नागपुर से मराठवाड़ा के लिए रेल कनेक्टिविटी नहीं है। घुमकर सफर तय करना पड़ता है। ऐसे में वर्धा-नांदेड़ के लिए वाया यवतमाल पुसद होकर 270 किमी की नई लाइन तैयार की जा रही है। इसके लिए बजट में 750 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इस लाइन के साकार होने पर नागपुर से वर्धा व वर्धा से नांदेड़ ऐसी सीधी मराठवाड़ा की कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इटारसी-आमला-नागपुर-वर्धा-भुसावल-जलगांव दूसरी कॉर्ड लाइन के लिए 25 करोड़ मंजूर हुए हैं।

Created On :   2 Feb 2024 4:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story