मानव तस्करी: महिला की शादी करा दी, उसकी मासूम बच्ची को गायब कर दिया

महिला की शादी करा दी, उसकी मासूम बच्ची को गायब कर दिया
महिला के साथ गईं 2 किशोरियों को भी बेचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मां-बेटी और दो किशोरियों को काम के लिए काटोल ले जाने का झांसा देकर गुजरात के राजकोट में महिला की जबरन शादी करा दी गई, जबकि किशोरियों के साथ दुष्कर्म करने के मामले में मंगलवार को यशोधरा नगर थाने में अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच के मानव तस्करी विरोधी सेल को सौंपी गई है।

चार आरोपी जामनगर के : आरोपी नंदा पौनिकर, मंगला वाकड़े, दोनों नागपुर, संतोष उसका भाई गोलू (21) और प्रतीक और एक 65 वर्षीय व्यक्ति, सभी गुजरात के जाम नगर स्थित कलावड नगर नाका निवासी हैं। नंदा और मंगला ने पीड़ित 26 वर्षीय महिला और उसकी दो परिचित किशोरियों को यह कहकर झांसा दिया कि काटाेल में उनके लिए काम है। किसी महिला की प्रसूति होने से उसे घर काम के लिए नौकरानी चाहिए। झांसे में आकर पीड़िता अपनी 4 वर्षीय बेटी और किशोरियों के साथ वहां पर जाने के लिए तैयार हो गई। गुजरात जाने वाली ट्रेन में सवार हुई, तो बीच रास्ते में उसका मोबाइल मंगला ने छीन लिया और बच्ची को भी अपनी कैद में रखा और चुपचाप बैठने के लिए कहा। साथ ही िकसी को कुछ बताने अथवा शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

अश्लील क्लिप दिखाकर किशोरियों से दुष्कर्म किया : दूसरे दिन शाम को जब वह राजकोट पहुंची, तो उन्हें एक 65 वर्षीय दलाल से पैसे लेकर पीड़िताओं को बेच दिया गया। उसके बाद कोर्ट परिसर में ले जाकर कुछ लोगों के गवाह के तौर पर हस्ताक्षर लिए। पीड़िता के भी अंगूठे का निशान लिया। पश्चात सफाईकर्मी संतोष से उसकी शादी करा दी। 26 जुलाई से 7 सितंबर 2023 के बीच में महिला के साथ संतोष तथा उसके भाइयों ने किशोरियों के साथ दुष्कर्म किया। इसमें मंगला ने आरोपियों की मदद की। उन्हें बाथरूम में बंद किया, मोबाइल पर अश्लील क्लिप दिखाई। इस दौरान पीड़िता की बच्ची को गायब कर दिया गया।

किसी तरह चंगुल से भागकर नागपुर पहुंची पीड़िता

इधर पीड़िता का पति, पत्नी और बच्ची के लिए परेशान था। उसने आरोपी नंदा व उसके पति यादवराव पौनिकर को अपनी पत्नी व बच्ची के बारे में कई बार पूछा, लेकिन उन्होंने कई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसे लेकर उनमें विवाद और मारपीट भी हुई। यह मामला 17 दिसंबर को यशोधरा नगर थाने में दर्ज है। इस बीच पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर नागपुर पहुंची और घटित वाकये के बारे में पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेकर प्रकरण दर्ज करने के बाद मानव तस्करी विरोधी सेल की सहायक निरीक्षक रेखा संकपाल, मंगला हरड़े, गजेंद्र ठाकुर, सुनील वाकड़े, दीपक बिंदाने आदि को जांच सौंपी गई है।

Created On :   27 Dec 2023 7:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story