Nagpur News: और एक घोटाला , शिक्षण संस्था संचालक ने की 1.28 करोड़ की धोखाधड़ी

और एक घोटाला , शिक्षण संस्था संचालक ने की 1.28 करोड़ की धोखाधड़ी
  • हुडकेश्वर थाने में चार आरोपियों पर मामला दर्ज
  • एक ही परिवार के हैं चारों

Nagpur News बहुचर्चित शालार्थ आईडी प्रकरण पूरे राज्य में गूंज रहा है। अब एक और घोटाला हुडकेश्वर थानांतर्गत सामने आया है। आरोपी ने शिक्षण संस्था में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और शिक्षक के पद पर नौकरी देने का लालच देकर 1.28 करोड़ की धोखाधड़ी की। हुडकेश्वर पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के 4 लोगों पर मामला दर्ज किया है। आरोपी नीलकंठ दहीकर (60), सविता दहीकर (52), उसकी बेटी आशु (30), भतीजा राहुल धनोजी दहीकर (35) आैर गुलाब धोंडबा दहीकर (45), वड़सा, गडचिरोली निवासी हैं। मानेवाडा निवासी भारती हरखंडे (50) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

देसाईगंज, वड़सा और ब्रम्हपुरी में हैं संस्थाएं : पुलिस के अनुसार सभी आरोपी संस्था संचालक हैं। शांतिवन अपंग निराधार आदिवासी विकास शिक्षण संस्था, देसाईगंज, वड़सा आैर मागासवर्गीय सुशिक्षित बेरोजगार एजूकेशन सोसाइटी, ब्रम्हपुरी में शिक्षण संस्थाएं हैं। भारती, आरोपी नीलकंठ के बहन की बेटी है। वर्ष 2011 से यह मामला शुरू है। नीलकंठ आैर उसकी पत्नी ने भारती से उनके वड़सा स्थित शिक्षण संस्था में अध्यक्ष पद पर नियुक्ति देने की बात की और इसके बदले में 48 लाख रुपए लिए। भारती का पति संजय से ब्रम्हपुरी की शिक्षण संस्था में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति देने के लिए 30 लाख रुपए लिए। इसी प्रकार दूसरी भांजी को शिक्षण संस्था में शिक्षिका की नौकरी देने के बदले में 45 लाख और मित्र के भतीजे को संस्था में नौकरी देने के 15 लाख रुपए लिए। कर्ज आैर खेती बेचकर पीड़ितों ने आरोपयों को 1.28 करोड़ दिए, लेकिन नौकरी नहीं दी।

नियुक्ति पत्र देने में टालमटोल करते रहे : नियुक्ति पत्र देेन के नाम पर आरोपी करीब एक साल तक टालमटोल करते रहे। एक साल बाद भी कोई नियुक्ति पत्र नहीं दिया और न ही रकम लौटाई। रकम वापस करने का दबाब बढ़ने पर आरोपियों ने चेक दिया, लेकिन वह भी बाउंस हो गया। इस मामले में पीड़िता ने हुडकेश्वर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोडकर से मिलकर शिकायत की। भेदोडकर के आदेश पर दहीकर परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


Created On :   4 July 2025 1:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story