Nagpur News: स्वस्ती निवास एक पारिवारिक संवेदनाओं को संजोने वाला केंद्र के रूप में जाना जाएगा

स्वस्ती निवास एक पारिवारिक संवेदनाओं को संजोने वाला केंद्र के रूप में जाना जाएगा
  • नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट को देश का प्रमुख शोध संस्थान बनाएंगे*
  • स्वस्ती निवास इमारत का भूमिपूजन
  • फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की रखी आधारशीला

Nagpur News. कैंसर का इलाज एक लंबी प्रक्रिया होती है। बीमारी के समय पारिवारिक अपनापन पश्चिमी देशों के परिवारों में नहीं दिखाई देता, लेकिन भारत में जब कोई बीमार होता है तो पूरा परिवार उसके साथ होता है। इसके चलते परिजनों के ठहरने की समस्या पैदा होती है। बीमारी के समय भावनात्मक जुड़ाव और संवेदनाओं को संभालने वाले केंद्र के रूप में ‘स्वस्ती निवास’ जाना जाएगा, ऐसा विश्वास केंद्रीय गृह एवं सहकार मंत्री अमित शाह ने व्यक्त किया।

जामठा क्षेत्र में ‘स्वस्ती निवास’ इमारत का भूमिपूजन और शिलान्यास आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री शाह ने संबोधन किया। राजस्व मंत्री एवं पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक समीर मेघे, संस्था के अध्यक्ष अॅड. सुनील मनोहर, उपाध्यक्ष अजय संचेती, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश जोगळेकर, कोषाध्यक्ष आनंद औरंगाबादकर, चिकित्सा निदेशक डॉ. आनंद पाठक, पर्नो रिका इंडिया के जॉन तुबुल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


शाह ने कहा कि मैंने कई संस्थाओं के कामकाज को करीब से देखा है और कई में स्वयं काम किया है। लेकिन नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट में जिस संवेदनशीलता से कैंसर मरीजों और उनके परिजनों को सहारा दिया जाता है, वह भावनात्मक जुड़ाव अन्यत्र कम देखने को मिलता है। आने वाले समय में यह संस्था देश की सबसे उत्कृष्ट संस्थाओं में गिनी जाएगी। सेवा की भावना और किसी को दुःखी न रहने देने की भावना लेकर काम करने वाले संगठन ही जनता के दिलों में जगह बनाते हैं। लाखों नागरिकों के दुःख में सहभागी बनने का विचार आज के समय में बहुत ही महत्वपूर्ण है और यह दुर्लभ है। इसी भावना के साथ श्री शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कैंसर संस्थान की सराहना की।

इस संस्था ने बहुत कम समय में वटवृक्ष का रूप ले लिया है। ‘स्वस्ती निवास’ के माध्यम से इस संस्थान को पूर्णता दी जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री फडणवीस का बड़ा योगदान है, ऐसा गौरव उन्होंने व्यक्त किया।

भारत को मुंह के कैंसर के मामलों में वैश्विक स्तर पर गंभीर देश माना जाता है। देश में हर आठ मिनट में एक व्यक्ति सर्वाइकल कैंसर से मर रहा है, यह सच्चाई है। कुछ वर्षों पहले कैंसर को लाइलाज रोग माना जाता था, लेकिन अब देश भर में कई अच्छे कैंसर संस्थान स्थापित हुए हैं। इनमें नागपुर का नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट मध्यप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के रोगियों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस संस्थान को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी, ऐसा आश्वासन श्री शाह ने दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है – नए एम्स की स्थापना, एमबीबीएस की सीटें बढ़ाना, नए अस्पताल खोलना और बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं, ऐसी जानकारी भी श्री शाह ने दी।

एनसीआई’ को देश का प्रमुख अनुसंधान संस्थान बनाएंगे- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट को देश का प्रमुख अनुसंधान संस्थान बनाने की इच्छा व्यक्त की है। यह लक्ष्य हम अवश्य पूरा करेंगे। मरीजों और उनके परिजनों को सर्वोत्तम सुविधाएं देने का हमारा प्रयास रहेगा, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा। कैंसर उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर निवास सुविधा मिले, इस उद्देश्य से ‘स्वस्ती निवास’ की स्थापना की जा रही है। यह सुविधा जल्द से जल्द शुरू की जाएगी। संस्थान की ओर से कई पहल की गई हैं। वैश्विक स्तर की जो भी सर्वोत्तम तकनीक उपलब्ध है, वह यहां लाने का प्रयास किया गया है। अब तक इस संस्थान की प्रगति उल्लेखनीय रही है, ऐसा मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा। कार्यक्रम की प्रस्तावना संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश जोगळेकर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में ‘स्वस्ती निवास’ की जानकारी देने वाली एक डॉक्युमेंट्री दिखाई गई।

नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट का निरीक्षण

भूमिपूजन समारोह से पहले केंद्रीय गृह एवं सहकार मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की सेवाओं और सुविधाओं की सराहना की। संस्थान के सीईओ शैलेश जोगळेकर ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी।

'स्वस्ती निवास’ के बारे में

डॉ. आबाजी थत्ते सेवा और अनुसंधान संस्था द्वारा कैंसर रोगियों और उनके परिजनों के लिए निवास सुविधा की योजना बनाई गई है। यह सुविधा ‘स्वस्ती निवास’ के नाम से जानी जाएगी, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान रहने की व्यवस्था मिल सकेगी। इसके माध्यम से 400 मरीजों और उनके परिजनों के लिए निवास की व्यवस्था होगी। इससे इलाज के दौरान रहने का आर्थिक बोझ कम होगा और कैंसर उपचार अधिक सुलभ और किफायती बनेगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया

इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रविवार रात शहर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया था। रात्रि करीब 9.30 बजे उनका विमानतल पर आगमन हुआ था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व व पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव इकबाल सिंह चहल, विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल और विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, विधायक आशीष देशमुख, चरणसिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार आदि ने विमानतल पर उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया था। इसके बाद वे सीधे होटल रेडिसन ब्लू के लिए रवाना हुए थे। इस बीच होटल प्राइड के सामने डॉ. केशव हेडगेवार चौक में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया गया था। ढोल ताशे बजाए गए। उनके स्वागत के लिए पूर्व नगरसेवक, युवा व महिला कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। भारत माता की जय व भाजपा की विजय के नारे लगाए। गृहमंत्री शाह ने कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया था। स्वागत के समय भाजपा के शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, उपेंंद्र कोठेकर, विधायक कृष्णा खोपड़े, विधानपरिषद सदस्य प्रवीण दटके, संदीप जोशी, पूर्व विधायक मिलिंद माने, सुधाकर कोहले, संदीप गवई, रामभाऊ अंबुलकर, धर्मपाल मेश्राम, अर्चना डेहनकर, श्रीकांत आगलावे, विष्णु चांगदे सहित अन्य कार्यकर्ता थे।



Created On :   26 May 2025 7:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story