Nagpur News: इन विषयों पर अधिक ध्यान देने का सुझाव, स्वयंसेवकों के बहाने मिलेगा संघ का नया संदेश

इन विषयों पर अधिक ध्यान देने का सुझाव, स्वयंसेवकों के बहाने मिलेगा संघ का नया संदेश
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम रहेंगे उपस्थित
  • 5 जून को कार्यकर्ता विकास वर्ग का समापन

Nagpur News. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग 2 का समापन 5 जून को शाम 6.30 बजे रेशमबाग मैदान में होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम प्रमुख अतिथि रहेंगे। संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत संबोधित करेंगे। संघ की नई कार्ययोजना व रणनीति के मामले में इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण रहते हैं। माना जा रहा है कि इस बार संघ, स्वयंसेवकों को संबोधन के बहाने देश की राजनीति के लिए नया संदेश देगा। देश की सुरक्षा के लिए आंतरिक विषयों पर अधिक ध्यान देने का सुझाव दिया जाएगा। समाज के पिछले व वंचित कहे जानेवाले तबके को विशेष प्राथमिकता के साथ विकास की धारा से जाेड़ने की कार्ययोजनाओं को अधिक गति देने को कहा जाएगा। उल्लेखनीय है कि संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग 2 को संघ प्रशिक्षण के मामले में विशेष महत्व रहा है। वर्ष में संघ के दो प्रमुख समाराेह होते हैं। इनमें विजयादशमी उत्सव के अलावा कार्यकर्ता विकास वर्ग 2 का समावेश है। नागपुर में इन समारोहों में सरसंघचालक के संबोधन के माध्यम से संघ की वर्ष भर की रणनीति का संदेश मिलता है। संघ की स्थापना 1925 में हुई थी। अभी वह स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। लिहाजा संघ के विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

वर्ग 2 का महत्व

संघ में कार्यकर्ता विकास वर्ग 2 काफी महत्वपूर्ण है। पहले इसे तृतीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग कहा जाता था। संघ में 3 स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष व तृतीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग होता रहा है। प्रथम वर्ष प्रशिक्षण पहले 20 दिन का होता था अब 15 िदन का होता है। द्वितीय वर्ष प्रशिक्षण 15 दिन व तृतीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग 20 दिन का होता है। तृतीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग का सामान्य तौर पर स्नातक स्तर का प्रशिक्षण माना जा सकता है। तृतीय वर्ष प्रशिक्षण के बाद स्वयंसेवक यानी कार्यकर्ता को अलग अलग क्षेत्र में संघ कार्य में सहभागिता व नेतृत्व का अवसर मिलता है। 2023 में संघ की प्रतिनिधि सभा में तृतीय वर्ष प्रशिक्षण वर्ग का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया। 2024 में प्रस्ताव पर अमल किया गया।

840 प्रशिक्षणार्थी

इस वर्ष कार्यकर्ता विकास वर्ग 2 मेें 840 प्रशिक्षणार्थी है। इनमें विविध क्षेत्रों में कार्यरत विद्यार्थी, शिक्षक, नौकरीपेशा व व्यवसायी शामिल हैं। 12 मई को प्रशिक्षण वर्ग आरंभ हुआ। इस वर्ग के पालक अधिकारी सह सरकार्यवाह आलोककुमार हैं। सर्वाधिकारी उड़ीस प्रांत के संघचालक समीर कुमार मोहंती है। महानगर संघचालक राजेश लोया ने उपस्थित रहने का आवाहन किया है।

Created On :   29 May 2025 8:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story