- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर एयरपोर्ट पर ग्रैंड मास्टर का...
Nagpur News: नागपुर एयरपोर्ट पर ग्रैंड मास्टर का ग्रैंड वेलकम , दिव्या की झलक पाने उमड़ी भीड़
- विश्व विजेता पर नागपुर को गर्व
- पूरा परिवार पहुंचा स्वागत में
Nagpur News जॉर्जिया के बटुमी में आयोजित फिडे महिला विश्व कप के फाइनल में भारतीय ग्रैंड मास्टर कोनेरू हम्पी को हराकर विश्व कप विजेता बनने के साथ 88वीं भारतीय ग्रैंड मास्टर की उपाधि हासिल करने वाली नागपुर की बेटी दिव्या देशमुख की गृहनगर वापसी पर जोरदार स्वागत हुआ। हजारों की संख्या में क्रीड़ा प्रेमियों ने नागपुर के अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर ढोल-ताशों और नगाड़ों की गगनभेदी गूंज के बीच जीत का जश्न मनाया। दिव्या की एक झलक पाने, हाथ मिलाने या फिर बात करने के लिए नागपुरकर में जबर्दस्त उत्साह था।
नागपुरकर में जबर्दस्त उत्साह : जॉर्जिया से मुंबई होते हुए नागपुर पहुंचीं दिव्या के साथ उनकी मां भी थी। ग्रैंडमास्टर के ग्रैंड वेलकम के लिए हालांकि विमानतल पर महाराष्ट्र शतरंज और नागपुर संघ ने िवशेष रूप आयोजन किया था, लेकिन एक बेटी के लिए अहम था, उनके परिजनों की उपस्थिति। दिव्या के स्वागत के लिए उनके पिता डॉ. जितेन्द्र देशमुख, दादी कमल देशमुख, बड़ी मॉ डॉ. स्मिता देशमुख, बहन आर्या देशमुख की मौजूदगी खास रही। दिव्या को विमानतल पर स्वागत करने के दौरान महाराष्ट्र शतरंज संघ के अध्यक्ष विधायक डॉ. परिणय फुके, शतरंज संघ नागपुर के अध्यक्ष गिरीश व्यास, ग्रैंड मास्टर अभिजीत कुंटे, जिला क्रीड़ा अधिकारी पल्लवी धात्रक, नगर क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर विशेष रूप से उपस्थित थे। दिव्या को ओपन जिप में विमानतल से बाहर ले जाया गया। इसके बाद वह अपने पिता के साथ गाड़ी में घर की ओर रवाना हो गई।
नजर तलाशती रही पिता को : नागपुर विमानतल पर हजारों की भीड़ के बीच दिव्या की नजर अपने पिता डॉ. जितेन्द्र देशमुख को तलाशती रही। आगमन द्वार पर आते ही दिव्या को भीड़ ने घेर लिया। फूलों और गुलदस्तों की बारिश के बीच दिव्या की नजरें पिताजी को तलाशती रही। देखते ही राहत भरी सांस ली और उनके पास पहुंचकर आशीर्वाद लिया। डॉ. जितेन्द्र देशमुख की मुद्राओं में एक प्रकार का उत्साह, खुशी और आनंद था, जिसकी अनुभति केवल उन्हीं को थी।
यह पड़ाव, आगे और बेहतर करने की कोशिश करूंगी : विमानतल पर दिव्या ने कहा कि विश्वकप का स्वर्ण पदक और ग्रैंडमास्टर की उपाधि लेकर घर लौटीं हूं। मैं बेहद खुश हूं, लेकिन यह मेरे लिए एक पड़ाव है। मैं आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी। अपनी कमजोरियों को सुधारने के लिए मैं हमेशा तत्पर हूं। नागपुर में इस प्रकार का स्वागत, मेरे लिए आम बात नहीं है। यह सही मायने में शानदार है। अपने घर के लोगों का यह प्यार मुझे आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
Created On :   31 July 2025 4:35 PM IST