- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के कावरापेठ-शांति नगर...
Nagpur News: नागपुर के कावरापेठ-शांति नगर उड़ानपुल के डिजाइन में फिर होगा बदलाव

- विधानसभा में मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने की घोषणा
- श्रेय को लेकर राऊत और खोपड़े भिड़े
Nagpur News कावरापेठ-शांति नगर फ्लाईओवर के गलत डिजाइन में सुधार करने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। बुधवार को विधानसभा में नागपुर शहर के कई विधायकों ने फ्लाईओवर की डिजाइन और उससे होने वाले ट्रैफिक समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर जवाब देते हुए लोकनिर्माण विभाग मंत्री छत्रपति शिवेंद्रराजे भोसले ने यह जानकारी दी। भोसले ने कहा कि 300 करोड़ से ज्यादा खर्च कर दो फ्लाईओवर बनाए गए हैं, जिसका पैसा केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने सीएसआर फंड से दिया है। फ्लाईओवर यातायात के लिए सही नहीं हैं। 20 करोड़ खर्च कर काम शुरू किया है। कावरापेठ फ्लाईओवर की चौड़ाई को 14 मीटर से बढ़ाकर 26.61 मीटर से ज्यादा किया जा रहा है। राजीव गांधी फ्लाईओवर की चौड़ाई 22.55 मीटर किया जा रहा है। इससे फ्लाईओवर पर ट्रैफिक समस्या और दुर्घटना से मुक्ति मिलेगी। इस पूरे मामले की जांच कर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई करेंगे।
करोड़ों खर्च, लेकिन लैंडिंग नहीं : राऊत : कांग्रेस के विधायक डॉ. नितीन राऊत ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान फ्लाईओवर का मुद्दा विधानसभा में उठाया। राऊत ने कहा कि सरकार ने करोड़ों खर्च कर कावरापेठ-शांति नगर फ्लाईओवर बनाया है, लेकिन डिजाइन गलत होने से यह नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। 3 विस क्षेत्रों से जाने वाले इस फ्लाईओवर का कोई लैंडिंग नहीं है। डिजाइन तैयार करने के दौरान पीडब्लूडी विभाग से इसमें बदलाव करने का आग्रह किया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। नागपुर पुलिस आयुक्त सहित डीसीपी ट्रैफिक ने भी फ्लाईओवर का निरीक्षण किया था, जिसमें उन्होंने ट्रैफिक जाम की बात कही थी।
इंजीनियर ने नहीं सुनी मेरी बात : खोपड़े : पूर्व नागपुर विधायक कृष्ण खोपड़े ने कहा कि फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान डिजाइन को लेकर हमने इंजीनियर को कई सुझाव दिए थे, लेकिन सुझाव को दरनिकार कर दिया गया। फ्लाईओवर बनने से पहले यहां दो-दो घंटे का जाम लगता था। खोपड़े ने डिजाइन निर्माण की जांच करने और अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
दहीबाजार व बिनाकी फ्लाईओवर का मुद्दा भी गर्माया : चर्चा के दौरान विधायक प्रवीण दटके ने दहीबाजार पुल का मुद्दा भी उठाया। दटके ने कहा कि फ्लाईओवर के गलत डिजाइन के कारण मध्य नागपुर के नागरिकों का सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। इसके पहले दही बाजार का पुल भी बनाया गया है, लेकिन एक धार्मिक स्थल के लिए डिजाइन को बदल दिया गया। ऐसे में जो अंडर पास बना है, वह केवल पार्किंग और अतिक्रमण के लिए रह गया है। इस दौरान दटके ने राज्य सरकार से नया चौक बनाने की मांग भी की।
श्रेय को लेकर राऊत और खोपड़े भिड़े : मुद्दे पर चर्चा के दौरान विधायक खोपड़े और राऊत के बीच नोकझोंक भी हुई। खोपड़े ने राऊत पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस नेता मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन जब वे मंत्री और पालकमंत्री थे, तब उन्होंने कुछ नहीं किया। खोपड़े की बात पर कांग्रेस विधायक आक्रामक हो गए। उन्होंने कहा कि -"भाजपा विधायक विकास में राजनीति कर रहे हैं। भले ही फ्लाईओवर बनाने के लिए पैसे केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिए हैं, लेकिन इसकी मंजूरी तत्कालीन मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार ने दी थी। "विधासभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद दोनों नेता शांत हुए।
Created On :   17 July 2025 1:44 PM IST