Nagpur News: नागपुर पहुंची पाइप लाइन, घर-घर प्राकृतिक गैस पहुंचाने का लक्ष्य

नागपुर पहुंची पाइप लाइन, घर-घर प्राकृतिक गैस पहुंचाने का लक्ष्य
उद्योगों को मिल सकेगा सस्ता और सुरक्षित ईंधन

Nagpur News गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने मुंबई से नागपुर तक गैस पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है। जिले के उद्योगों को सस्ती, सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त गैस मिलने का रास्ता साफ हो गया है। यह गैस पहले उद्योगों को मिलेगी। प्रदूषण मुक्त होने के साथ ही यह गैस एलपीजी से 30 फीसदी सस्ती पड़ेगी।

12 जिलों से गुजरी : यह गैस पाइप लाइन महाराष्ट्र के 12 जिलों से सीधे गई है। इसमें मुंबई, ठाणे (शहापुर), नाशिक, अहमदनगर, आैरंगाबाद, जालना, बुलढाणा, वाशिम, अकोला, अमरावती, वर्धा व नागपुर जिला शामिल है। यह प्राकृतिक गैस है और इसमें रिसाव की संभावना नहीं के बराबर है। दुर्घटना होने का खतरा बहुत कम है। यह गैस कमर्शियल या घरेलू उपयोग में एलपीजी से लगभग 30 फीसदी सस्ती पड़ेगी।

पहले चरण का काम पूरा : गेल की तरफ से गैस पाइप लाइन बिछाने का काम मुंबई से नागपुर, नागपुर से झारसुगुडा और नागपुर से जबलपुर ऐसे तीन चरणों में किया जा रहा है। मुंबई से नागपुर तक 700 किमी की पाइप लाइन बिछाने का पहले चरण का काम पूरा हो गया है। नागपुर से झारसुगुडा तक 700 किमी व नागपुर से जबलपुर तक 320 किमी तक पाइप लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में है। अगले कुछ महीनों में इन दोनों चरणों का काम पूरा हो जाएगा।

दूसरा व तीसरा चरण : दूसरा चरण नागपुर से भंडारा, गोंदिया, रायपुर व झारसागुडा तक है। तीसरा चरण नागपुर से कलमेश्वर, सौंसर, छिंदवाड़ा, सिवनी व जबलपुर तक है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व ओडिशा तक फैले इस गैस पाइप लाइन का नेटवर्क 1700 किमी है आैर इसमें से 964 किमी क्षेत्र (60 फीसदी) अकेले महाराष्ट्र में है। हर 30 किमी की दूरी पर इसका स्टेशन है आैर वहां से समीप के जिलों में गैस की आपूर्ति की जाएगी। महाराष्ट्र के सभी जिलों में इसकी आपूर्ति करने का लक्ष्य है।

एचसीजी को जिम्मेदारी : नागपुर जिले में उद्योगों व घरों तक गैस आपूर्ति का काम हरियाणा सिटी गैस (एचसीजी) को मिला है। प्रति दिन 50 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर तक की मांग पूरा करने की जिम्मेदारी एचसीटी की है आैर प्रति दिन इससे ज्यादा मांग रही तो गेल से आपूर्ति की जाएगी। कलमेश्वर की एक कंपनी ने प्रति दिन 50 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर से ज्यादा की मांग की है। गेल अगले कुछ महीने में इस कंपनी को गैस की आपूर्ति करेगी।

दूसरे व तीसरे चरण का काम अंतिम चरण में : गेल के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि प्राकृतिक गैस नागपुर पहुंचने के साथ ही पहले चरण का काम पूरा हो गया है। दूसरे व तीसरे चरण का काम अंतिम चरण में है। नागपुर व आस-पास के जिलों से इस प्राकृतिक गैस के लिए काफी डिमांड प्राप्त हुई है। दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद कलमेश्वर की कंपनी की मांग हम पूरा करेेंगे। यह गैस एलपीजी से करीब 30 फीसदी सस्ती होने के साथ ही सुरक्षित भी है। उद्योगों व कंपनियों के बाद भविष्य में यह गैस घर-घर पहुंचाने का लक्ष्य है।ै


Created On :   18 Nov 2025 11:32 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story