Nagpur News: निकाय चुनाव की तैयारी, सेवाग्राम में होगी भाजपा की विदर्भ विभागीय बैठक

  • नए पदाधिकारियों को मिलेगा कार्यशैली का डोज
  • मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण करेंगे मार्गदर्शन
  • केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी भी रह सकते हैं उपस्थित

Nagpur News मनपा, जिप सहित अन्य स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा ने इस बार विचार मंथन के लिए बापूनगरी कहलानेवाले सेवाग्राम को चुना है। 28 जुलाई को सेवाग्राम के चरखा भवन में भाजपा की विदर्भ स्तरीय पदाधिकारी बैठक होगी। सुबह 11 बजे कार्यक्रम उद्घाटन के समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले उपस्थित रहेंगे। दोपहर 3 बजे समापन कार्यक्रम को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संबोधित करेंगे। बैठक में भाजपा के विदर्भ के सभी सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला संगठन मंत्री, मंडल अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी सहभागी होंगे। बैठक करीब 700 प्रतिनिधि रहेगे।

भविष्य की दृष्टि : पार्टी सूत्र के अनुसार यह बैठक काफी महत्वपूर्ण रहेगी। भाजपा ने संगठन विस्तार व 2029 में राज्य में अकेले बल पर सत्ता पाने का लक्ष्य रखा है। संगठन कार्य को विस्तारित किया है। सदस्यता पंजीयन का अभियान चलाया गया। महिला मोर्चा व युवा मोर्चा को 25-25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया। इनके अलावा अन्य आघाडियों को 5-5 लाख व सेल को 2-2 लाख सदस्य पंजीयन का लक्ष्य दिया गया था। विदर्भ विभागीय बैठक में सदस्यता अभियान की स्थिति व संगठन कार्य की जानकारी दी जाएगी। विदर्भ में 4 मनपा के चुनाव लंबित है। इनमें नागपुर, चंद्रपुर, अमरावती व अकोला का समावेश है। इनमें भाजपा की सत्ता रही है लेकिन जिला परिषदों व नगरपरिषदों में भाजपा को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है।

संगठन पुनर्गठन के तहत नेतृत्व संख्या बढ़ायी गई है। कुछ जिलों को संगठन मामले में दो भागों में विभाजित किया गया है। दो जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा मंडल गठन की प्रक्रिया भी बदली है। पहले विधानसभा क्षेत्र स्तर पर एक मंडल अध्यक्ष होते थे। अब 3 से 4 मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए गए है। इन पदाधिकारियों को कार्यशैली का पाठ सिखाया जाएगा। उम्मीदवार चयन में योगदान से लेकर सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं से समन्वय की भी जानकारी दी जाएगी।

गडकरी की उपस्थिति तय नहीं : बैठक में विदर्भ के सांसद के नाते केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी की उपस्थिति अनिवार्य है। लेकिन अभी तय नहीं है कि वे बैठक में रहेंगे या नहीं। इससे पहले नागपुर में हुई पूर्व विदर्भ स्तरीय बैठक में वे उपस्थित थे।

गांधीवादी संगठनों के बीच चर्चा : पिछले दिनों देवली के विधायक सुमित वानखेडे ने कहा था कि वर्धा की गांधीवादी संस्था में माओवादी समर्थक भी सहभागी हो रहे हैं। अर्बन नक्सल के विषय के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधायक वानखेडे के वक्तव्य का समर्थन किया था। उसके बाद राष्ट्रीय जन आंदोलन समिति ने वानखेडे के वक्तव्य का विरोध किया। मुख्यमंत्री फडणवीस को समिति की ओर से पत्र भेजा गया। कहा गया कि वानखेडे अपने आरोप को प्रमाणित करें अन्यथा माफी मांगे। सेवाग्राम में कांग्रेस की कई बैठक हुई है। ऐसे में भाजपा की बैठक और उसमें मुख्यमंत्री फडणवीस की उपस्थिति गांधीवादी संगठनों के बीच चर्चा का विषय बनी है। बताया जा रहा है कि पहले यह बैठक केलझर में होनेवाली थी। बाद में स्थान बदला गया। सवाल किया जा रहा है कि भाजपा व मुख्यमंत्री इस बैठक के माध्यम से गांधीवादियों को कोई संदेश तो नहीं देना चाहते हैं।

नियमित बैठक : सेवाग्राम में भाजपा की विदर्भ विभागीय बैठक संगठन की नियमित होनेवाली बैठकों का एक हिस्सा है। चुनाव की तैयारी को लेकर निश्चित ही चर्चा होगी। साथ ही संगठन कार्य को गति देने के संबंध में मार्गदर्शन किया जाएगा। बारिश के मौसम को देखते हुए चरखा भवन में बैठक होगी। - डॉ.उपेंद्र कोठेकर, संगठन प्रमुख विदर्भ भाजपा

Created On :   25 July 2025 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story