Nagpur News: शिक्षक का मोबाइल हैक कर खाते से 10 लाख उड़ाने वाले को गुजरात से पकड़ा

शिक्षक का मोबाइल हैक कर खाते से 10 लाख उड़ाने वाले को गुजरात से पकड़ा
  • दो आरोपी 19 तक हिरासत में
  • लिंक डाउनलोड करते ही मोबाइल हुआ हैक

Nagpur News एक शिक्षक का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 10 लाख रुपए निकालने वाले दो साइबर अपराधियों को गुजरात से गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आनंद डढाडीया (29) और रिजवान शेख (30) हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें 19 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में साइबर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज है।

ट्यूशन क्लास लेते हैं : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक जरीपटका इलाके में ट्यूशन क्लास चलाते हैं। उनके पास बड़ी संख्या में छात्र हैं। आरोपियों ने उन्हें केवाईसी अपडेट करने के लिए एक लिंक भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता शिक्षक ने लिंक को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल हैक हो गया। एक तरह से आरोपियों ने उसके मोबाइल पर नियंत्रण कर लिया। उसके आधार पर साइबर अपराधियों ने बैंक से ओटीपी प्राप्त किया और उसके आधार पर शिक्षक के बैंक खाते से 10 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कर ली।

जब बैंक पहुंचे, तो ठगी की जानकारी मिली : शिकायतकर्ता शिक्षक जब बैंक गए तो उन्हें ठगी किए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम सुतार ने तुरंत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। तकनीकी रूप से जांच करने पर आरोपियों की लोकेशन मिली। वे गुजरात के जूनागढ़ में मिले। आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई। नागपुर की साइबर पुलिस टीम, गुजरात के जूनागढ़ गई और आरोपियों की तलाश की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया। आरोपी आनंद और रिजवान को अदालत में पेश कर तीन दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।


Created On :   18 July 2025 4:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story