Nagpur News: स्कूल, कॉलेज में भी होंगे संघ विचारधारा पर आधारित कार्यक्रम

स्कूल, कॉलेज में भी होंगे संघ विचारधारा पर आधारित कार्यक्रम
  • शताब्दी वर्ष के मौके पर घर-घर जनसंपर्क का अभियान
  • समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट करने का प्रयास

Nagpur News राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के तहत घर-घर जनसंपर्क का अभियान तैयार किया है। यह अभियान विजयादशमी से आरंभ होगा। अभियान के तहत विद्यालय, महाविद्यालय में भी संघ विचारधारा पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन होगा। संघ विदर्भ प्रांत के एक पदाधिकारी के अनुसार प्रांत व क्षेत्र के अनुसार कार्यक्रम तय किए जाएंगे। विदर्भ प्रांत में सामाजिक सद्भाव के कार्यक्रमों पर अधिक जोर दिया जाएगा।

प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चां : अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति समुदाय के बीच विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। विदर्भ में इन वर्गों की संख्या काफी है। एक कुआं, एक श्मशान की अवधारणा के तहत विदर्भ के चयनित गांवों व दुर्गम क्षेत्र में विशेष सद्भावना कार्यक्रम आयोजित िकए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत घुमंतू समुदाय के विकास का अभियान भी चलाया जाएगा। पदाधिकारी के अनुसार विविध संगठनों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है। मार्च 2025 में नागपुर में गिट्टीखदान क्षेत्र में घुमंतू समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। अनुसूचित वर्ग व अत्यंत पिछड़े कहलाने वाले वर्ग के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चां की गई है।

महिलाओं व किशोरों की भागीदारी : शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में महिलाओं व किशोरों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। सनातन विचारों का साहित्य वितरित किया जाएगा। हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर बुद्धिजीवी वर्ग का सम्मेलन होगा। उसमें विविध विचारों को मानने वालों बुद्धिजीवियों काे भी शामिल किया जाएगा। उसके बाद ब्लाक स्तर पर सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम होगा। 6वें चरण में विशेष कार्यक्रम के तहत अधिकतम स्थानों पर एक सप्ताह के लिए शाखा लगाई जाएगी।

सामाजिक परिवर्तन का संदेश : उसके बाद प्रांत स्तर पर युवाओं के लिए सम्मेलन होगा। युवा सम्मेलन के पहले विद्यालय, महाविद्यालय व विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से संपर्क कर उनके लिए संघ विचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की गुढ़ी पाडवा से पूर्व तैयारी हो गई है। पारिवारिक मूल्यों की बहाली, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, आत्मसम्मान और नागरिक जिम्मेदारियों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया जाएगा।

अभी कोई विशेष कार्यक्रम नहीं विविध संगठनों के सेवाकार्य नियमित चलते रहते हैं। फिलहाल विदर्भ स्तर पर संघ का कोई विशेष कार्यक्रम नहीं चल रहा है। विजयादशमी के बाद शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम आरंभ होंगे। एकता, मैत्री व सद्भावना को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। -श्रीधर गाडगे, सह प्रांत प्रमुख आरएसएस विदर्भ


Created On :   4 April 2025 1:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story