Nagpur News: बावनकुले ने निशाना साधते कहा- आरक्षण के बारे में भूमिका स्पष्ट करें कांग्रेस

बावनकुले ने निशाना साधते कहा- आरक्षण के बारे में भूमिका स्पष्ट करें कांग्रेस
  • राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर निशाना साधा
  • मराठा आरक्षण को लेकर राज्य सरकार अपनी भूमिका पर कायम

Nagpur News. मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन के विषय को लेकर राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सबसे पहले आरक्षण के संबंध में अपनी भूमिका स्पष्ट करें। मराठा आरक्षण को लेकर राज्य सरकार अपनी भूमिका पर कायम है। किसी समाज का आरक्षण कम नहीं होने दिया जाएगा। गुरुवार को बावनकुले ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भूमिका सदैव उलझी हुई रहती है। राहुल गांधी कहते हैं कि ओबीसी आरक्षण को कायम रखें। जातीय जनगणना करें। लेकिन महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेता ओबीसी आरक्षण को कम करने की भाषा बोल रहे हैं। इससे स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि कांग्रेस की मराठा आरक्षण के संबंध में क्या भूमिका है।

बावनकुले ने आगे कहा-सभी को आंदोलन का अधिकार है। लेकिन गणेश उत्सव के समय आंदोलन योग्य नहीं है। कुछ समय बाद आंदोलन होता तो किसी को आपत्ति नहीं होती। 2014 में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा आरक्षण का ऐतिहासिक निर्णय लिया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी कह चुके हैं कि मराठा को आरक्षण दें लेकिन ओबीसी आरक्षण कायम रखें। कांग्रेस नेता बालासाहब थोरात की मराठा आरक्षण को लेकर क्या भूमिका है? नाना पटोले ओबीसी आरक्षण कम करने के आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं क्या? कांग्रेस की नौटंकी गिरगिट के समान है। राहुल गांधी गुमराह कर रहे हैं।

जरांगे के पीछे राजनीतिक एजेंडा

राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे पाटील को लेकर कहा कि व्यक्तिगत द्वेष की राजनीति ठीक नहीं है। जिस तरह से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर रोष व्यक्त किया जा रहा है और मुख्यमंत्री के परिवार के बारे में निकृष्ट स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है उससे लगता है कि जरांगे किसी राजनीतिक एजेंडा के तहत काम कर रहे हैं। इससे पहले भी जरांगे कई बार मुख्यमंत्री फडणवीस के विरोध में बोलते और आंदोलन करते रहे हैं। एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री थे तब भी देवेंद्र फडणवीस को लेकर ही कई आरोप लगाए जा रहे थे। राज्य की जनता इस राजनीति को समझती है। विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने महायुति को 51 प्रतिशत मतदान करके साफ संकेत दिया है कि केवल भाषणों व विरोध की राजनीति का बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Created On :   28 Aug 2025 7:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story