Nagpur News: मनपा को 411 करोड़ रुपए हुए थे मंजूर, मिले सिर्फ 22 लाख रुपए ही

मनपा को 411 करोड़ रुपए हुए थे मंजूर, मिले सिर्फ 22 लाख रुपए ही
  • बाढ़ क्षति समेत बुनियादी सुविधा की निधि प्रलंबित
  • निधि की कमी से संकट होने की स्थिति

Nagpur News बुनियादी सुविधा के तहत महानगरपालिका ने पिछले दो सालों में सीमेंट रास्तों का निर्माण कार्य आरंभ किया है। इन कामों को पिछले साल लोकसभा और विधानसभा चुनावों के पहले मंजूर किया गया था। मनपा से करीब 411 करोड़ रुपए की राशि को लेकर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। 1 जुलाई को राज्य सरकार से अधिसूचना जारी कर 94 करोड़ रुपए की निधि जिले को आवंटित हुई है, इसमें से महानगरपालिका के 45 करोड़ रुपए का भी समावेश है। हालांकि जिला प्रशासन से मनपा को अब तक 22 लाख रुपए ही मिल पाए हैं।

बिल का भुगतान नहीं हो रहा : मनपा से बुनियादी सुविधा में 10 जोन अंतर्गत सीमेंट रास्ते, जलापूर्ति पाइपलाइन डालने, स्ट्रीट लाइट लगाने समेत कई काम चल रहे हैं। ऐसे में निधि की कमी से संकट होने की स्थिति बन गई है। कई कामों में ठेका एजेंसियों को काम लगभग पूरा कर लेने के बाद भी बिल का भुगतान नहीं हो पा रहा है।

चरणबद्ध राशि का आवंटन : राज्य सरकार के नगरविकास विभाग से 1 जुलाई को अधिसूचना जारी कर जिले के लिए बुनियादी सुविधा के तहत 94.24 करोड़ रुपए की निधि आवंटित की है। महानगरपालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान में साल 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में मंजूर प्रस्तावों में चरणबद्ध राशि को आवंटित किया गया है। इसमें से 45 करोड़ रुपए की राशि मनपा के लिए उपलब्ध कराई गई है, जबकि महारेल और नासुप्र के लिए भी राशि को आवंटित किया गया है। राज्य सरकार से 94.24 करोड़ रुपए की राशि नगर-परिषद संचालनालय विभाग को भेज दी गई है। मनपा प्रशासन को इसमें से केवल 22 लाख रुपए की निधि ही अब तक हस्तांतरण हुई है।

बुनियादी सुविधा में 2023-24 में मान्य प्रस्ताव

प्रस्ताव स्वीकृत राशि 411 करोड़ रुपए

अब तक प्राप्त निधि 22 लाख रुपए

प्रलंबित 410.78 करोड़ रुपए

बाढ़ नुकसान (फरवरी 2024 को भेजा प्रस्ताव)

प्रस्ताव में स्वीकृत राशि 204.72 करोड़

अब तक प्राप्त निधि 86.63 करोड़ रुपए

प्रलंबित राशि 70.26 करोड़ रुपए

45 करोड़ का आवंटन : राज्य सरकार से बुनियादी सुविधा फंड के रूप में 45 करोड़ रुपए का आवंटन हुआ है। जिला प्रशासन को रकम मिल चुकी है। हालांकि अब तक इसमें से 45 लाख रुपए मनपा को मिले हैं। बकाया रकम जल्द ही मनपा को मिल जाएगी। - सदाशिव शेलके, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी, मनपा

रास्ता दुरुस्ती की रकम भी प्रलंबित : फरवरी 2024 में बाढ़ से क्षतिग्रस्त रास्तों के निर्माण कार्य के लिए 204.72 करोड़ रुपये मंजूर किए। इस प्रस्ताव में करीब 163.23 करोड़ रुपये से नाग नदी की सुरक्षा दीवारों की दुरूस्ती भी शामिल है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद मनपा प्रशासन से 154.42 करोड़ रुपये के कार्यादेश को जारी किया गया था। अब तक मनपा को राज्य सरकार से इसमें से केवल 86.63 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं। इस प्रस्ताव के अधिकतर काम पूरे होने के बाद भी करीब 70.26 करोड़ रुपये की राशि अब भी प्रलंबित हैं।


Created On :   28 Aug 2025 2:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story