Nagpur News: सेक्स रैकेट मे फंसाने की धमकी से आहत किशोर ने की थी खुदकुशी, 6 माह बाद झारखंड से आरोपी गिरफ्तार

सेक्स रैकेट मे फंसाने की धमकी से आहत किशोर ने की थी खुदकुशी,  6 माह बाद झारखंड से आरोपी गिरफ्तार
  • जांच के बाद पुलिस ने किया खुलासा
  • आत्महत्या के लिए उकसाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज

Nagpur Ramtek News रामटेक पुलिस स्टेशन अंतर्गत मनसर निवासी तथा भाजपा के पूर्व तहसील अध्यक्ष ज्ञानेश्वर ढोक के पुत्र यश ने गत 10 दिसंबर 2024 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में खुलासा हुआ कि, यश को कुछ आरोपी सेक्स रैकेट में फंसाने की धमकी देकर बार-बार पैसे की मांग करते हुए प्रताड़ित कर रहे थे। इस मामले में रामटेक पुलिस ने छह माह बाद मुख्य आरोपी को झारखंड में धरदबोचा। इस प्रकरण में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले दो अलग-अलग मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें से एक आरोपी को पहले ही रामटेक पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी तापेश्वर प्रसाद दुलारचंद महतो (25) बरमा, बरही, जिला हजारीबाग, झारखंड़ निवासी शुक्रवार को छह माह बाद रामटेक पुलिस के हत्थे चढ़ा। तापेश्वर के साथी ओमप्रकाश प्रसाद दुलारचंद महतो (35) बीचटोला, बरवा, बरहट्टा, झारखंड़ निवासी को 22 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि, 10 दिसंबर 2024 को नाबालिग यश ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। यश के पिता ज्ञानेश्वर के अनुसार बेटे को दो अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन कर सेक्स रैकेट में फंसाने की धमकी देकर 5 हजार रुपए की मांग आरोपी कर रहे थे। पैसे नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी भी दे रहे थे। जिससे घबराकर यश ने खुदकुशी की थी। रामटेक थाने में धारा 107, 308 (3), 3 (5) बीएनएस के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था।

बार-बार चकमा दे रहा था : तकनीकी जानकारी के आधार पर रामटेक पुलिस को मुख्य आरोपी अपने गांव में छिपा होने के बारे में पता चला। पुलिस दल ने झारखंड जाकर आरोपी को उसके घर में धरदबोचा। इससे पहले भी दो-तीन बार रामटेक पुलिस झारखंड जा चुकी थी। लेकिन आरोपी बार-बार पुलिस को चकमा दे रहा था। गुरुवार को आरोपी तापेश्वर प्रसाद को हिरासत में लेने के बाद वहां की कोर्ट में पेश किया गया। शुक्रवार को गिरफ्तार कर उसे रामटेक लाया गया। -आसाराम शेट्टे, पुलिस निरीक्षक, रामटेक पुलिस स्टेशन


Created On :   7 Jun 2025 6:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story