संघ: पंच परिवर्तन अभियान से संवैधानिक नागरिक कर्तव्य का पाठ भी सिखाएगा संघ

पंच परिवर्तन अभियान से संवैधानिक नागरिक कर्तव्य का पाठ भी सिखाएगा संघ
  • 16 या 17 मार्च को चुने जाएंगे नए सरकार्यवाह
  • नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की जाएगी।
  • प्रतिनिधि सभा के प्रस्ताव तय होंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता संवैधानिक अधिकार के साथ नागरिक कर्तव्यों का पाठ भी सिखाएंगे। संघ ने पंच परिवर्तन अभियान के तहत कार्ययोजना तैयार की है। इसमें नागरिक कर्तव्य भी शामिल है। संघ की कार्यकारिणी मंडल की आज सभा होगी। उसमें प्रतिनिधि सभा के प्रस्ताव तय होंगे। फिलहाल जो प्रस्ताव तय किए गए हैं, उनमें अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शामिल है। 16 या 17 मार्च को नया सरकार्यवाह चुना जाएगा। उसके बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की जाएगी। संघ की प्रतिनिधि सभा 15 से 17 मार्च तक रेशमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति भवन परिसर में होगी। इसी सिलसिले में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने जानकारी दी।

सरकार्यवाह होसबले रखेंगे प्रतिवेदन : प्रतिनिधि सभा के आरंभ में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले अपने कार्यकाल से संबंधित प्रतिवेदन रखेंगे। उसके बाद विविध संगठनों की कार्य समीक्षा की जाएगी। प्रचार प्रमुख आंबेकर ने बताया कि यह प्रतिनिधि सभा नागपुर में 6 वर्ष के अंतराल में हो रही है। इसमें 1529 प्रतिनिधि अपेक्षित है। संघ कार्य कर रही 36 संस्थाओं के अध्यक्षों व महामंत्रियों के अलावा प्रांत व क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहेंगे। संघ कार्य की आगामी योजनाओं पर चर्चा व निर्णय भी होंगे। सरसंघचालक व सरकार्यवाह के प्रवास कार्यक्रम तय होंगे। संघ अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। 2025 की विजयादशमी से 2026 की विजयादशी तक संघ की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी।

सीएए व कामन यूनिफार्म का समर्थन : प्रचार प्रमुख आंबेकर ने कहा कि सीएए कानून का संघ ने पहले ही समर्थन किया है। साथ ही कामन यूनिफार्म की अनिवार्यता को भी संघ ने समर्थन दिया है।

संघ की शाखा विस्तार का लक्ष्य : फिलहाल संघ की 68 हजार शाखाएं चल रही हैं। एक लाख शाखा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य की दिशा में किए गए कार्यों की भी समीक्षा होगी। शाखा वृद्धि के लिए 3000 कार्यकर्ताओं ने 2 वर्ष तक समय दिया।

पंच परिवर्तन : शताब्दी वर्ष पर संघ ने पंच परिवर्तन कार्यक्रम की कार्ययोजना पर काम किया है। इसके तहत समाज परिवर्तन के कार्य किए जाएंगे। सामाजिक, शैक्षणिक व धार्मिक क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। विविध गतिविधियां चल रही हैं। इनमें पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन अर्थात परिवार जागरण, सामाजिक समरसता के प्रयास के अलावा नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। पत्रकार वार्ता में डॉ.जयंतीभाई भाडेसिया प्रांत प्रचारक गुजरात, नरेंद्र कुमार प्रचारक व आलोक कुमार सह प्रचार प्रमुख उपस्थित थे।

Created On :   14 March 2024 5:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story