खास: 12 केंद्रों की कमान महिलाओं के हाथ, अधिकारी से लेकर कर्मचारी सभी महिलाएं ही होंगी

12 केंद्रों की कमान महिलाओं के हाथ, अधिकारी से लेकर कर्मचारी सभी महिलाएं ही होंगी
  • अधिक से अधिक महिलाओं के चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का उद्देश्य
  • अधिकाधिक मतदान हो, इसके लिए ये विशेष मतदान केंद्र
  • आधी आबादी पर बड़ी जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले की नागपुर और रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 12 मतदान केंद्र ऐसे होंगे, जिसकी कमान महिलाओं के हाथ में रहेगी। इन 12 केंद्रों पर अधिकारी- कर्मचारी सभी महिलाएं ही होंगी। 19 अप्रैल को मतदान होगा और अधिकाधिक मतदान हो, इसके लिए ये विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों का सारा संचालन महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ में होगा।

छह-छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र : नागपुर और रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में छह-छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। नागपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दक्षिण पश्चिम, दक्षिण, नागपुर पूर्व, नागपुर मध्य, नागपुर पश्चिम, नागपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जबकि रामटेक लोकसभा क्षेत्र में काटोल, सावनेर, हिंगना, उमरेड, कामठी, रामटेक विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक महिला मतदान केंद्र होगा। मतदान केंद्र अध्यक्ष से लेकर मतदान केंद्र अधिकारी- कर्मचारी सभी महिलाएं होंगी।

जहां महिला मतदाताओं की संख्या अधिक वहां केंद्र : महिला मतदान केंद्र आमतौर पर उन जगहों पर स्थापित किए जाते हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक होती हैं। इन केंद्रों के निर्माण के पीछे उद्देश्य यह है कि अधिक से अधिक महिलाएं चुनावी प्रक्रिया में भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

जिले में इन स्थानों पर होंगे महिला मतदान केंद्र : रामटेक लोकसभा के तहत काटोल हाईस्कूल सावनेर में नगर परिषद सुभाष हिंदी प्राथमिक विद्यालय कमरा नंबर. 7 सावनेर, हिंगना निर्वाचन क्षेत्र जिला परिषद उच्च प्राथमिक विद्यालय इसासानी कमरा नंबर 7, उमरेड विधानसभा क्षेत्र पंचायत समिति कार्यालय उमरेड सहायक समूह विकास अधिकारी कक्ष, नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र मिलिंद प्राथमिक विद्यालय कमरा नंबर 1, ऊंटखाना, नागपुर दक्षिण में वंदे मातरम् विद्यालय, अवधूत नगर, कमरा नंबर 3 महिला केंद्र, नागपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के.डी.के. कॉलेज, कमरा नंबर 1 ग्रेट नाग रोड नंदनवन, मध्य नागपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र बाबा नानक सिंधी हिंदी हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज, जूनी मंगलवारी केंद्र, नागपुर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र हैदराबाद हाउस, सिविल लाइन्स नागपुर, बैरक नंबर 1, कमरा नंबर 1 केंद्र, नागपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र विनियालय हाई स्कूल, मार्टिन नगर , कामठी विधानसभा क्षेत्र दादासाहेब बालपांडे कॉलेज ऑफ फार्मेसी, रामटेक विधान सभा क्षेत्र के तहत श्रीराम विद्यालय, कक्ष क्रमांक 3 रामटेक शामिल है।

Created On :   2 April 2024 5:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story