महोत्सव: खासदार क्रीड़ा महोत्सव में होगा विशेष शिविर, एथलीटों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर अवसर

खासदार क्रीड़ा महोत्सव में होगा विशेष शिविर, एथलीटों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर अवसर
  • केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने छठे संस्करण का किया उद्घाटन
  • राष्ट्रीय क्रीड़ा प्राधिकरण "साई' का एक विशेष शिविर
  • मशाल जलाकर महोत्सव का उद्घाटन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। खासदार क्रीड़ा महोत्सव के माध्यम से नागपुर में हजारों एथलीट विभिन्न खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। ऐसे प्रतिभाशाली एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिलाने के लिए राष्ट्रीय क्रीड़ा प्राधिकरण "साई' का एक विशेष शिविर क्रीड़ा महोत्सव के दौरान आयोजित किया जाएगा, जिसका लाभ स्थानीय युवा प्रतिभाओं को मिलेगा। खासदार क्रीड़ा महोत्सव के छठे संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यह घोषणा की। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने की।

प्रतिभा की कमी नहीं : केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में शहर की संस्कृति और खेल के विकास के उद्देश्य से खासदार क्रीड़ा महोत्सव की अवधारणा पेश की गई है। हमारे पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगर इन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाए और खेलने का मौका व सुविधाएं दी जाएंं, तो कई खिलाड़ी आगे आएंगे जो देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य हमारे शहर के एथलीटों को आगे बढ़ाना है।

पदक विजेताओं ने सौंपी मशाल : केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मशाल जलाकर महोत्सव का उद्घाटन किया। गोवा में 36वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं चाकुली सेलोकर, साबक्षी योबितकर, पार्थ दिबरकर, शुभम वंजारी ने गणमान्य व्यक्तियों को मशाल सौंपी। अर्जुन एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता विजय मुनेश्वर ने ध्वज फहराया। समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट की मदद से अतिथियों को सलामी दी। अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन माय एफएम के आरजे आमोद ने किया।

विकसित भारत की परिकल्पना पूरी होगी : प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस खेल महोत्सव के उत्साह को देखकर लग रहा है कि विकसित भारत की परिकल्पना 25 वर्षों में अवश्य पूरी होगी। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। भारतीय एथलीटों ने कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। भारत अगले कुछ वर्षों में ओलिंपिक खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। इसके लिए प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करने के लिए खासदार क्रीड़ा महोत्सव जैसे खेल महोत्सव आयोजित करने की आवश्यकता है। -"साई' द्वारा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन करने के लिए एक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। श्री ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि नागपुर के ओजस देवतले जैसे और भी खिलाड़ी इस माध्यम से अवश्य आगे आएंगे। इसके अलावा श्री ठाकुर ने यह भी घोषणा की कि अगले दो महीनों में यानी 31 मार्च तक हम ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत देशभर में एक हजार खेलो इंडिया केंद्र स्थापित करेंगे और इन खेलों इंडिया केंद्रों को चलाने की जिम्मेदारी पूर्व अधिकारियों को दी जाएगी। पूर्व खिलाड़ियों को कोच बनाया जाएगा, जो अपने अनुभव युवाओं के साथ साझा करेंगे।

इनकी रही उपस्थिति : यशवंत स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन के सदस्य अमिताभ शर्मा, विधायक प्रवीण दटके, कृष्णा खोपड़े, विकास कुम्भारे, मोहन मते, पूर्व सांसद डाॅ. विकास महात्मे, पूर्व महापौर संदीप जोशी, पूर्व विधायक डाॅ. मिलिंद माने, भारतीय कबड्डी महासंघ के सचिव जितेन्द्र ठाकुर, बंटी कुकड़े, सुधीर दिवे, रमेश भंडारी, डाॅ. पीयूष अांबुलकर, डॉ. संभाजी भोसले अादि उपस्थित थे।

Created On :   13 Jan 2024 8:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story