- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- हौसलों की उड़ान को नहीं रोक पाई...
Panna News: हौसलों की उड़ान को नहीं रोक पाई तंगहाली, बिना कोचिंग के योगिता ने हाईस्कूल परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे

Panna News: कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों तो रास्तों की पत्थर भी मंजिल का पता बताने लगते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है रैपुरा के संजयनगर की रहने वाली योगिता विश्वकर्मा ने। हाईस्कूल परीक्षा के परिणामों में योगिता ने 96 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है बल्कि पूरे रैपुरा परिक्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
साधन सीमित, संकल्प अटूट
योगिता की यह सफलता इसलिए मिसाल है क्योंकि उन्होंने किसी महंगे कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। योगिता के पिता रामसोहन विश्वकर्मा एक ट्रैक्टर मैकेनिक हैं और दिन भर कड़ी मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी माता अनीता विश्वकर्मा सिलाई का काम कर घर की आर्थिक स्थिति में हाथ बंटाती हैं। आय के सीमित संसाधनों के बावजूद, माता-पिता ने योगिता की पढ़ाई को अपनी प्राथमिकता बनाए रखा।
सफलता का मंत्र, आत्मविश्वास और निरंतरता
शासकीय कन्या हाई स्कूल रैपुरा की छात्रा योगिता ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय नियमित स्वाध्याय और परिवार के अटूट विश्वास को देती हैं। योगिता का कहना है कि परिस्थितियां कैसी भी हों अगर आप अपने लक्ष्य पर फोकस रखते हैं और स्वयं पर भरोसा करते हैं तो सफलता मिलनी तय है।
भविष्य की राह- देश के लिए बनना चाहती हैं एआई इंजीनियर
योगिता ने अभी से अपनी आगे की राह चुन ली है। वह गणित विषय के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। तकनीक के इस दौर में योगिता का सपना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई इंजीनियर बनकर देश के डिजिटल विकास में अपना योगदान देने का है।
योगिता की सफलता की खबर मिलते ही संजयनगर सहित पूरे रैपुरा में खुशी का माहौल है। उनकी यह कहानी उन तमाम छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ा संदेश है जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं।
Created On :   27 April 2026 3:41 PM IST















