Seoni News: पानी भरे गड्ढे में पत्थर से बंधा मिला शव,गला रेतकर की हत्या

पानी भरे गड्ढे में पत्थर से बंधा मिला शव,गला रेतकर की हत्या
  • घर से एक किमी दूर मिला शव, जांच में जुुटी डूंडासिवनी पुलिस, दो संदिग्ध हिरासत में
  • पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों लोग मानेगांव में किराए से एक मकान में रहते हैं।

Seoni News: शहर के शास्त्री वार्ड के एक व्यक्ति के लापता होने के बाद उसका शव शुक्रवार की सुबह घर से करीब एक किमी दूर मानेगांव के पास मिला। मृतक की गला रेतकर हत्या की गई और उसका शव पानी से भरे गड्ढे में पत्थर बांधकर डाल दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। हत्या क्यों की गई इसका पता लगाया जा रहा है। एसपी सुनील मेहता भी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। उन्होंने इस मामले में गहनता से जांच के निर्देश दिए।

ये है मामला

डूंडासिवनी थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि 9 जुलाई की रात को शास्त्री वार्ड निवासी पवन उर्फ सोनू पिता स्व. रामकिशन पारासर (46) लापता हो गया था। दूसरे दिन उसका दो पहिया वाहन घर से कुछ दूर झाडिय़ों में मिला था। परिजन ने सोनू की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई थी।

हत्या की वजह जान रही पुलिस

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों लोग मानेगांव में किराए से एक मकान में रहते हैं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों मृतक सोनू के साथ नजर आए थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि सोनू की हत्या क्यों की गई और इस हत्याकांड में कौन-कौन शामिल है।

मोबाइल और चाकू खोजती रही पुलिस

हत्या के बाद पुलिस मृतक सोनू का मोबाइल और हत्या के लिए उपयोग किए गए चाकू की खोजबीन करती रही। घटना स्थल से घर के पास तक सडक़ किनारे पुलिस ने झाडिय़ों में खोबजीन की, लेकिन न ही चाकू मिला और न ही मृतक का मोबाइल। बताया गया कि पकड़ा गया एक संदिग्ध युवक राजस्थान के अलवर का रहने वाला है जबकि दूसरा भोमा का। दोनों फेब्रिकेशन की दुकान मे काम करते हैं। पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है।

Created On :   12 July 2025 1:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story