Seoni News: पानी के लिए लगाए गए जाम में फंसी कलेक्टर की गाड़ी

पानी के लिए लगाए गए जाम में फंसी कलेक्टर की गाड़ी
  • छपारा-लखनादौन के बीच घुनई में नेशनल हाइवे पर ग्रामीणों ने रोके वाहन, सडक़ पर डाला डेरा, आश्वासन पर माने
  • ग्रामीणों ने हाइवे पर पानी के खाली डिब्बे, बर्तन रखकर प्रदर्शन किया।
  • पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा जाम लगाया गया था।

Seoni News: छपारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवगांव के घुनई में पानी की समस्या दूर नहीं होने पर बुधवार की सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सुबह करीब 9.30 बजे नेशनल हाइवे में जाम लगा दिया। इस जाम में पांढुर्ना जिले के कलेक्टर अजय देव शर्मा की गाड़ी भी फंस गई। इसके बाद सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन के निर्देश पर प्रशासनिक अफसर हरकत में आ गए।

हालांकि अफसरों के आश्वासन पर कुछ देर बाद जाम खुलने पर कलेक्टर का वाहन जबलपुर की ओर रवाना हो गया। वे पांढुर्ना से मीटिंग में शामिल होने जबलपुर जा रहे थे। करीब 20 मिनट तक वे जाम में फंसे रहे। जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सूचना पर पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पानी की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और प्रदर्शन करते रहे।

गर्मी बढ़ते ही पानी की समस्या

जिले में पानी की समस्या सभी क्षेत्रों में आने लगी है। कई नल जल योजनाएं बंद हो गई हैं तो वहीं तो वहीं जलजीवन मिशन योजना के तहत पानी की सप्लाई कम हो रही है। भीमगढ़ बांध में पानी कम होने से जल जीवन मिशन की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। बंडोल समूह योजना से तो एक दिन के अंतराल में पानी दिया जा रहा है। लखनादौन के आदेगांव में पांच दिन में एक बार नल आ रहा है। इसी प्रकार मढ़ी, पाटन, ठकरिया, जोबा, पतलोन क्षेत्र में पानी की समस्या है।

सवा घंटे रहा जाम

जानकारी के अनुसार घुनई चौराहा के पास नेशनल हाइवे में करीब सवा घंटे जाम रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सबसे ज्यादा परेशानी बस यात्रियों के अलावा इमरजेंसी मेंं जा रहे लोगों के साथ हुई। वाहनों की कतार के आगे छोटे वाहन भी नहीं निकल पा रहे थे। करीब पौने 11 बजे जाम खुला तब यातायात बहाल हो पाया। दोनों ओर करीब दो से तीन किमी लंबी वाहनों की लाइन लग गई थी।

ग्रामीणों ने बताई परेशानियां

ग्रामीणों ने हाइवे पर पानी के खाली डिब्बे, बर्तन रखकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में नलजल योजना से पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन गर्मी आते ही बोर का पानी कम होकर सूख गया। काफी दिनों से गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत देवगांव की घुनई और आसपास के क्षेत्रों में भी यही समस्या है। इस मामले को लेकर कई बार जनपद और पीएचई को शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।

नलजल योजना बंद

कुरई क्षेत्र की ग्राम पंचायत सर्रा, घाटकोहका , ढुटेरा, पांजरा, चारगांव सारसडोल में नलजल योजना है, लेकिन बोर से पानी आना बंद हो गया है। ऐसे में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। लोग इधर-उधर से पानी जुटाने को मजबूर हैं। बताया गया कि जल संरक्षण नहीं होने से जिले में भूजल की कमी आई है। यही वजह है कि बोर और कुओं में पानी कम हो गया है, तो कई सूख चुके हैं।

इनका कहना है-

पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा जाम लगाया गया था। उनकी समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। पांर्ढुना कलेक्टर का वाहन लगभग 20 मिनट फंसा रहा।

- संस्कृति जैन, कलेक्टर, सिवनी

Created On :   22 May 2025 1:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story