Women's ODI WC Final Live: भारत की लड़कियों ने बनाया कीर्तिमान, बनी वर्ल्डचैंपियन, फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से रौंदा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारत ने महिला वनडे वर्ल्डकप के फाइनल मुकाबले को 52 रन से जीत लिया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका की तरफ से कप्तान वोल्वार्ट ने शतक लगाया लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट झटके।
वहीं भारत की तरफ से शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 87 रन की पारी खेली। उनके अलावा दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से आयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए।
यह भी पढ़े -महिला विश्व कप भारत की जीत के लिए अयोध्या में हवन, साधुओं ने किया 'आदित्यहृदय स्तोत्र' का जाप
ढाई दशक बाद मिला नया चैंपियन
विमेंस वनडे वर्ल्डकप को 25 साल बाद नया चैंपियन मिला है। साल 2000 में न्यूजीलैंड ने महिला वनडे वर्ल्डकप की ट्रॉफी उठाई थी। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ही वर्ल्डकप चैंपियन बनती रही हैं। 7 बार ऑस्ट्रेलिया और 4 बार इंग्लैंड विश्वकप विजेता बनी हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत - हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।
साउथ अफ्रीका - लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्ज, सुने लुस, मारीजान कैप, अनेरी डेरेकसन, अनेके बॉश, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायॉन, नदिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, नॉन्कुलुलेको मलाबा।
Live Updates
- 2 Nov 2025 10:20 PM IST
साउथ अफ्रीका की मैच में वापसी, वोल्वार्ट और सुने लुस की जोड़ी जमी
विमेंस वनडे वर्ल्डकप के फाइनल में साउथ अफ्रीका ने अच्छी वापसी की है। 62 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी नजर आ रही साउथ अफ्रीका की टीम को लौरा वोल्वार्ट और सुने लुस की जोड़ी ने संभाल लिया है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है।
- 2 Nov 2025 10:16 PM IST
साउथ अफ्रीका का स्कोर 100 के पार, 19 ओवर के बाद स्कोर 109/2
साउथ अफ्रीका टीम ने 19 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 109 रन बना लिए हैं। टीम को जीतने के लिए 31 ओवर में 190 रन की जरूरत है।
- 2 Nov 2025 10:03 PM IST
15 ओवर के साउथ अफ्रीका 2 विकेट के नुकसान पर 79 रन
महिला वनडे वर्ल्डकप फाइनल में साउथ अफ्रीका का स्कोर 15 ओवर के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 78 रन है। टीम से कप्तान लौरा वोल्वार्ट (43 रन) और सुने लुस (8 रन) पिच पर मौजूद हैं।
- 2 Nov 2025 9:49 PM IST
साउथ अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा, श्री चारणी ने भारत को दिलाई दूसरी सफलता
299 के लक्ष्य का पीछा कर रही साउथ अफ्रीकी टीम को दूसरा झटका लगा है। भारतीय गेंदबाज श्री चारणी ने अनेके बॉश को पवेलियन रवाना किया। वह बिना खाता खोले पवेलियन रवाना हुईं। 11 ओवर के साउथ अफ्रीका का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 62 रन है।
- 2 Nov 2025 9:45 PM IST
साउथ अफ्रीका की सधी शुरूआत, 10 ओवर के बाद 52/1
विमेंस वर्ल्डकप के फाइनल में 299 के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका टीम ने सधी हुई शुरआत की है। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 52 रन है। टीम ने एक विकेट ताजमिन ब्रिट्ज के रूप में गंवाया। उन्हें अमनजोत कौर ने सीधा थ्रो मारकर रन आउट किया।
- 2 Nov 2025 8:27 PM IST
भारतीय पारी समाप्त, साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 299 का लक्ष्य
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे महिला वनडे वर्ल्डकप के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 299 रन लक्ष्य दिया। टीम इंडिया ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। टीम की तरफ से शेफाली वर्मा ने 87 और दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए। उनके अलावा स्मृति मंधाना 45, कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 और जेमिमा रोड्रिग्ज 20 रन बनाए।
वहीं, साउथ अफ्रीका की तरफ से आयाबोंगा खाका ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। नोन्कुलुलेको मलाबा, नदिन डी क्लर्क और क्लो ट्रायोन ने 1-1 विकेट लिया। एक बैटर रन आउट हुईं।
- 2 Nov 2025 8:21 PM IST
बड़े स्कोर की तरफ भारत, दीप्ति शर्मा की फिफ्टी, ऋचा घोष आउट
महिला वनडे वर्ल्डकप में भारत 300 के स्कोर की तरफ बढ़ गया है। दीप्ति शर्मा 50 रन बनाकर खेल रही हैं। वहीं रिचा घोष 34 रन बनाकर आयाबोंगा खाका का शिकार बनीं। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 292 रन है।
- 2 Nov 2025 8:01 PM IST
वर्ल्ड कप 2025 की सबसे ज्यादा सिक्स मारने वाली बैटर बनी ऋचा घोष
इंडियन विमेंस टीम की हिटर ऋचा घोष वर्ल्डकप 2025 की हाईएस्ट सिक्स हिटर बन गई हैं। उनके नाम इस वर्ल्डकप में 11 छक्के हो गए हैं।
- 2 Nov 2025 7:56 PM IST
245 के स्कोर पर आधी भारतीय टीम पवेलियन लौटी, अमनजोत कौर 12 रन बनाकर आउट
नवी मुंबई के डीवाई स्टेडियम में खेले जा रहे महिला वनडे वर्ल्डकप के फाइनल में टीम इंडिया को पांचवा झटका लगा है। अमनजोत कौर 12 रन बनाकर नदिन डी क्लार्क का शिकार बनी। दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष क्रीज पर मौजूद हैं।
- 2 Nov 2025 7:39 PM IST
भारत को लगा बड़ा झटका, कप्तान हरमनप्रीत 20 रन बनाकर आउट
वनडे वर्ल्डकप के फाइनल में भारतीय महिला टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर मलाबा की गेंद पर बोल्ड आउट हो गईं। 39.3 ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 226 रन हो गया है। दीप्ति शर्मा और अमरजोत कौर क्रीज पर मौजूद हैं।
Created On :   2 Nov 2025 2:41 PM IST












