तस्वीर विवाद: भगत सिंह के पोते ने वीडियो जारी कर जताई नाराजगी, शहीद-ए-आजम के साथ केजरीवाल की तस्वीर लगाए जाने से नाखुश

भगत सिंह के पोते ने वीडियो जारी कर जताई नाराजगी, शहीद-ए-आजम के साथ केजरीवाल की तस्वीर लगाए जाने से नाखुश
  • भगत सिंह के पोते आप से नाराज
  • भगत सिंह के साथ केजरीवाल की तस्वीर लगाने से नाखुश
  • कहा - 'यह देखकर बहुत बुरा लगा'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली सीएम का तिहाड़ जेल से भेजा गया संदेश पढ़ा तो नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। सुनीता केजरीवाल के पीछे संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर और शीहद भगत सिंह फोटो लगी थी। इन दोनों महान हस्तियों के बीचों बीच दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की जेल वाली फोटो लगी थी। सुनीता केजरीवाल के ठीक पीछे लगी अरविंद केजरीवाल की जेल वाली यही तस्वीर 31 मार्च को रामलीला मैदान और बीते 3 अप्रैल को आम आदमी पार्टी दफ्तर में संजय सिंह के भाषण वाले मंच पर भी दिखाई दी थी। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस मामले में आम आदमी पार्टी पर सवाल खड़े करते हुए सीएम केजरीवाल की पत्नी पर भी निशाना साधा था।

अब इस कड़ी में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पोते का भी रिएक्शन सामने आया है। भगत सिंह के पोते यादवेन्द्र सिंह ने वीडियो जारी कर आपत्ति जताई है। भगत सिंह के साथ तुलनात्मक रूप से लगाई गई अरविंद केजरीवाल की तस्वीर पर सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें और भगत सिंह के प्रेमियों को बहुत बुरा लगा है।

'यह देखकर बहुत बुरा लगा'

शहीद-ए-आजम भगति सिंह के पोते यादवेन्द्र सिंह ने भगत सिंह और डॉ भीवराव आंबेडकर के बीच दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की तस्वीर लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए वीडियो में कहा, "यह देखकर बहुत बुरा लगा। आम आदमी पार्टी को इस तरह नहीं करना चाहिए। किसी भी राजनेता को भगत सिंह और अंबेडकर जी के साथ अपनी तुलना नहीं करनी चाहिए। हम इनके दिखाए रास्तों पर चलने का प्रयास कर सकते हैं। मुझे पूरे भारतवर्ष से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। भगत सिंह और बाबा साहेब के प्रेमियों को बहुत बुरा लगा है कि उनके साथ अरविंद केजरीवाल जी की तुलना की गई है। भविष्य में आम आदमी पार्टी इससे बचे।"

भाजपा ने की आलोचना

स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के बीच केजरीवाल की जेल वाली तस्वीर के साथ एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी भी इस विवाद में कूद गई है। भाजपा नेता इसे लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की आलोचना करते हुए इसे भगत सिंह और बाबा साहेब का अपमान बता रहे हैं। इस विवाद पर सफाई देते हुए आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भगत सिंह की तरह ही केजरीवाल तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे हैं और इसीलिए जेल गए हैं। इस बीच भाजपा नेता अब अरविंद केजरीवाल का एक पुराना वीडियो वायरल कर रहे हैं। वीडियो में केजरीवाल यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि अब दिल्ली सरकार के दफ्तरों में किसी नेता या मुख्यमंत्री की नहीं बल्कि भगत सिंह और बी आर आंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएंगी।

Created On :   5 April 2024 6:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story