IndiGo Flight Emergency Landing: गोवा से इंदौर आ रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पहियों के हाईड्रोलिक सिस्टम में आई खराबी, 140 यात्री...

- तकनीकी खराबी के चलते इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
- फ्लाइट के पायलट ने अंडर कैरिज वॉर्निंग का मैसेज भेजा
- शाम 5 बजकर 8 मिनट पर हुई सुरक्षित लैंडिंग
डिजिटल डेस्क, भोपाल। गोवा से इंदौर आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E813 की सोमवार को इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। फ्लाइट के पहियों का हाइड्रोलिक सिस्टम उड़ान के दौरान खराब हो गया, जिसके चलते इंदौर एयरपोर्ट में ही इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इंदौर एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक फ्लाइट के पायलट ने अंडर कैरिज वॉर्निंग का मैसेज भेजा था। इसके बाद उसकी सुरक्षित लैंडिग कराई गई। विमान में 140 यात्री सवार थे। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
आसमान में 7-8 चक्कर लगाता रहा प्लेन
मिली जानकारी के मुताबिक फ्लाइट ने सोमवार की दोपहर 3.14 पर गोवा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। रोजाना यह 2.40 पर गोवा एयरपोर्ट से इंदौर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरती है। इंदौर पहुंचने पर पायलट को हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी दिखी। इसके बाद उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर अंडर कैरिज वॉर्निंग (विमान के पहिए ठीक तरह से काम न करने की जानकारी) की जानकारी दी। इस दौरान विमान ने आसमान में 7 से 8 चक्कर लगाए। एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए रनवे पर फायर ब्रिगेड और अन्य अधिकारियों को सूचित किया। जिसके बाद शाम 5 बजकर 8 मिनट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई।
दो दिन में दूसरी घटना
इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की दो दिनों में यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को हैदराबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट की तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से तिरुपति में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इससे पहले विमान हवा में करीब 40 मिनट तक घूमता रहा। इस दौरान फ्लाइट में सवार पैसेंजर बुरी तरह घबरा गए।
Created On :   21 July 2025 8:23 PM IST