Himachal Pradesh News: हिमाचल में अब तक हुईं करीब 69 मौतें, बारिश मचा रही है भारी तबाही, आज भी रेड अलर्ट जारी, जानें अब तक कितनी हुई तबाही?

- हिमाचल प्रदेश में मानसून मचा रहा है तबाही
- अब तक 69 लोगों ने खोई अपनी जान
- 495 करोड़ रुपयों का हुआ नुकसान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में मानसून अपने चरम पर है। हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूरे प्रदेश में भारी बारिश से हुई त्रासदी ने लोगों को परेशान कर दिया है। प्रशासन की तरफ से भी सख्त चेतावनी जारी की गई है। आज भी हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में अब तक भारी नुकसान हुआ है। पूरे हिमाचल की बात करें तो मानसून से अब तक 69 मौतें हुई हैं, 110 लोग घायल हुए हैं और 37 लोग अब भी लापता हैं। वहीं, 495 करोड़ रुपए का भी नुकसान हुआ है और करीब 246 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा भी प्रदेश में कई परेशानियां देखने को मिल रही हैं।
हिमाचल प्रदेश के सीएम ने दी जानकारी
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की जानकारी देते हुए कहा है कि, 'जब से बरसात शुरू हुई है तब से 69 लोग अपनी जान गवा चुके हैं, 37 लोग लापता हैं, 110 लोग घायल हुए हैं और तकरीबन 700 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो चुका है। सड़क, पानी की परियोजनाओं को नुकसान हुआ है, बिजली की जो तारें और खंभे थे वे उजड़ गए हैं, जिसका बहुत अधिक नुकसान हुआ है। मानसून की शुरुआत में ही हिमाचल प्रदेश में ऐसा कहर ढहा है।'
प्रदेश के सीएम ने की अमित शाह से बात
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्होंने जानकारी भी दी है। सीएम ने कहा कि, 'आज मेरी देश के गृह मंत्री से भी बात हुई। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वे हमें पूरी सहायता उपलब्ध करवाएंगे और आज नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भी आ रही है। 14 जगह बादल फटने की घटना सामने आई है। हम अध्ययन कर रहे हैं कि बादल फटने की घटनाएं इतनी ज्यादा क्यों हो रही हैं। हार्टिकल्चर कॉलेज में जो 92 छात्र फसे हुए थे उन्हें हमने रेस्क्यू किया है। सभी जगहों से बहुत अधिक नुकसान की खबर आ रही है। आपदा प्रभावित परिवारों के साथ हिमाचल प्रदेश सरकार खड़ी है। हमने फैसला लिया है कि पीड़ित परिवारों को 5000 रुपये किराये के मकान में रहने के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे। मंत्रिमंडल के सदस्य बैठकें कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।'
Created On :   4 July 2025 4:18 PM IST