Jagannath Puri Rath Yatra 2025: जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़, 40 से ज्यादा श्रद्धालु हुए गंभीर रूप से घायल

- जगन्नाथ रथ यात्रा में घटी बड़ी घटना
- भगदड़ में घायल हुए कई श्रद्धालु
- घटना श्री नहर (राजा का महल) के पास हुई
डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 40 से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, घटना श्री नहर (राजा का महल) के पास हुई। घायलों को पुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि भगवान जगन्नाथ के पहाड़ी समारोह के दौरान गजपति दिव्यसंघदेव के महल के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हुए थे। इस दौरान प्रशासन को भीड़ को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। इस बीच श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। श्रद्धालु अचानक यहां-वहां भागने लगे, जिससे कुछ लोग बेहोश होकर वहीं गिर पड़े।
अधिक नमी के कारण बेहोश हुए श्रद्धालु
वहीं भगदड़ में श्रद्धालुओं के बेहोश होने की खबरों पर ओडिशा के मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा, "अधिक नमी के कारण एक-दो भक्त बेहोश हो गए। बचाव दल ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मंदिर क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल केंद्र हैं। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए भी यहां हूं कि ग्लूकोज और पानी पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल भी जाऊंगा कि जिन लोगों को इसकी आवश्यकता है, उन्हें उचित स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा रही है।"
#WATCH | पुरी, ओडिशा | कुछ लोगों द्वारा घुटन की शिकायत किए जाने और नमी के कारण बेहोश होने की सूचना मिलने के बाद एम्बुलेंस रथ यात्रा स्थल पर पहुँची।प्रभावित लोगों को अस्पताल ले जाया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। https://t.co/zwkqBTwVaJ pic.twitter.com/L5mg5l9gCW
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 27, 2025
बता दें कि पिछले साल जगन्नाथ यात्रा के दौरान भी पुरी में भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए थे। वहीं एक की मौत की भी जानकारी सामने आई थी। हादसा उस वक्त हुआ था जब भगवान जगन्नाथ का रथ पुरी के ग्रैंड रोड से गुजर रहा था। पिछली साल हुई इस घटना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार सख्त इंतजाम किए थे, लेकिन इससे भी खतरा नहीं टल सका।
Created On :   27 Jun 2025 11:00 PM IST